CG News: सुकमा में नक्सलियों का बड़ा डम्प जब्त, 8 किलो के दो टिफिन बम समेत विस्फोटक बरामद

CG News: क्षेत्र में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया.
Naxalite dump seized

नक्सली का डम्प जब्त

CG News: सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से मिली सूचनाओं के आधार पर कोंटा थाना क्षेत्र में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया. इसमें दो टिफिन बम के साथ बड़ी मात्रा में विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है.

जंगल और पहाड़ी इलाके में चला सर्चिंग अभियान

30 अगस्त 2026 को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम बेलपोच्चा से गोमपाड़ जाने वाले मार्ग के आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग कर रही थी. इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे जवानों को संदिग्ध डम्प के बारे में जानकारी मिली. इलाके की बारीकी से तलाशी लेने पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद कर ली गई.

दो टिफिन बम समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिला

बरामद सामान में दो टिफिन बम शामिल हैं. दोनों बम वायर रहित हालत में मिले हैं, जिनका कुल वजन 8 किलोग्राम है. इनमें एक टिफिन बम 5 किलो और दूसरा 3 किलो का बताया गया है. इसके अलावा चार बंडल कोडेक्स वायर, 10 डेटोनेटर, 17 जिलेटिन, एक बंडल फ्यूज वायर, तीन बंडल बिजली वायर, दो स्टील टिफिन, दो प्लास्टिक डस्टबिन और एक बैटरी समेत अन्य सामग्री भी मिली है.

सुरक्षा बलों ने डम्प को कब्जे में लिया

बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया है. इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस के मुताबिक, बरामद विस्फोटक का इस्तेमाल सुरक्षा बलों और आम लोगों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता था. समय रहते इसका पता चलने से किसी संभावित घटना को टालने में मदद मिली है.

नक्सलियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

सुकमा एसपी मयंक गुर्जर ने बताया कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जंगल और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री के डम्प तलाशे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि बेलपोच्चा-गोमपाड़ मार्ग के पास हुई यह बरामदगी इसी अभियान का हिस्सा है. इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल आगे भी पूरी सतर्कता के साथ अभियान चलाते रहेंगे.

ये भी पढे़ं- सुकमा में नक्सली डंप से बड़ी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद, 447 जिंदा कारतूस और 240 जिलेटिन छड़ जब्त

ज़रूर पढ़ें