CG News: दुर्ग में शव दफनाने पर विवाद, दो पक्ष आए आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्ग: शव दफनाने के विवाद के बाद गांव में पुलिस तैनात
CG News: दुर्ग जिले के ग्राम जंजगिरी में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर उस समय तनाव की स्थिति बन गई. जब दफनाने की जगह को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए. मामला इतना बढ़ गया कि गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात करना पड़ा और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, गांव के एक मुस्लिम परिवार की महिला का निधन हो गया था. परिवार के लोग महिला को उसी स्थान पर दफनाना चाहते थे, जहां उनके पूर्वजों को वर्षों से दफनाया जाता रहा है लेकिन जांच में सामने आया कि वह जमीन अब निजी स्वामित्व में है और उसे दूसरे व्यक्ति को बेचा जा चुका है. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कुछ कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और निजी जमीन पर दफनाने का विरोध जताया.
उन्होंने मांग की कि निजी स्वामित्व वाली भूमि पर किसी भी प्रकार का अंतिम संस्कार न किया जाए. विरोध के चलते गांव में माहौल गर्माने लगा, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया.
‘सहमति से दूसरे जगह शव दफनाया गया’
वहीं पाटन एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया कि स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों से बातचीत की गई और समझाइश दी गई है. मुस्लिम परिवार को स्पष्ट किया गया कि जिस स्थान पर दफनाने की तैयारी थी. वह अब प्राइवेट जमीन है, इसलिए वहां अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी जा सकती. पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में आपसी सहमति से महिला को दूसरे स्थान पर दफनाया गया, जिससे संभावित बड़ा विवाद टल गया.
ये भी पढ़ें: शराब घोटाला मामले में जमानत पर रायपुर जेल से बाहर आए कवासी लखमा, बोले- मुझे न्यायपालिका पर भरोसा
फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी जारी है। वहीं, मुस्लिम परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में स्थायी कब्रिस्तान के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने.