Rajasthan: भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, जिंदा जले 8 लोग,अंदर फंसे कई मजदूर
भिवाड़ी में भीषण आग
Rajasthan Bhiwadi Fire: राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में 16 फरवरी की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक कैमिकल फैक्ट्री में तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई. जिस वक्त फैक्ट्री में हादसा हुआ उस समय कई मजदूर वहां काम कर रहे थे. आग की चपेट में आने की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई मजदूर अंदर फंसे हुए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची.
भिवाड़ी में भीषण आग
घटना भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या G1/118B की है. यहां स्थित कैमिकल फैक्ट्री में सुबह तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी. देखते ही देखते ही कुछ मिनटों में आग इतनी भयानक हो गई कि काफी दूर से लपटें नजर आने लगी.
राजस्थान | भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, जिंदा जले 7 कर्मचारी#Rajasthan #FireAccident #Bhiwadi #Rajasthan pic.twitter.com/UpvJW7mGhd
— Vistaar News (@VistaarNews) February 16, 2026
जिंदा जले 8 लोग
जिस समय फैक्ट्री में आग लगी उस समय मजदूर वहां काम कर रहे थे. वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. इस दौरान 8 लोगों के शव बरामद किए गए. वहीं, कई मजदूरों के अंदर फंसे होने की जानकारी है, जिन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. बताया जा रहा है कि इस घटना के वक्त फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे.
PM मोदी ने जताया दुख
भिवाड़ी की फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- ‘राजस्थान के भिवाड़ी में हुई आगजनी की घटना बेहद दर्दनाक है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’
The fire mishap in Bhiwadi, Rajasthan, is tragic and deeply saddening. My condolences to those who have lost their loved ones. I pray for the speedy recovery of those injured: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) February 16, 2026
जांच में जुटी पुलिस
अब तक आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है. बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में पटाखे बनाने का कम चल रहा था. इस पूरी घटना के पीछे के कारणों की जांच करने के लिए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं.