T20 वर्ल्ड कप में खेलने के लिए वैभव सूर्यवंशी ने फॉलो किया नया डाइट प्लान, मटन-चिकन को कहा अलविदा
वैभव सूर्यवंशी
Vaibhav Suryavanshi: भारत को अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 का खिताब दिलाने वाले युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटे हुए हैं. राजस्थान रॉयल्स के कैंप में पसीना बहा रहे सूर्यवंशी का अगला टारगेट अब सीनियर टीम इंडिया में जगह बनाना है. अपने इस बड़े सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने मटन- चिकन से दूरी बना ली है.
वैभव सूर्यवंशी ने क्यों छोड़ा मटन-चिकन?
दरअसल हाल ही में मीडिया से बातचीत में वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी ने एक बड़ा खुलासा किया है. जिसमें उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने मटन और चिकन खाना बंद कर दिया है. संजीव ने बताया कि वैभव सीनियर टीम इंडिया में जल्द से जल्द जगह बनाना चाहते हैं. ऐसे में वह अपनी फिटनेस पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. वैभव को अगर टी20 वर्ल्ड कप 2028 में भारत की ओर से खेलना है तो उसके लिए फॉर्म के साथ-साथ अपनी फिटनेस भी बनाए रखनी होगी.
अब क्या खा रहे वैभव सूर्यवंशी?
मीडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में वैभव सूर्यवंशी के पिता ने खुलासा किया कि अब उनके बेटे ने मटन-चिकन का मोह त्याग दिया है. वह अब दाल-चावल हरी सब्जी खा रहे हैं. उनके पिता ने बताया कि वह मटन-चिकन की जगह अब पनीर खा रहे हैं.
टीम इंडिया में जगह को लेकर क्या बोले?
संजीव सूर्यवंशी से जब वैभव को टीम इंडिया की सीनियर टीम में जगह मिलने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनका बेटा तैयार है. अब ये बीसीसीआई को तय करना है कि वह उन्हें कब मौका देती है. हालांकि वैभव सूर्यवंशी के कोच मनीष ओझा यह पहले ही दावा कर चुके हैं कि आईपीएल 2026 के बाद वैभव को भारत की सीनियर टी20 टीम में शामिल किया जा सकता है.