Ujjain: महाशिवरात्रि के बाद शिव-पार्वती विवाह का भव्य रिसेप्शन, तीन दिन चलेगा आयोजन
महाकाल के दरबार में भक्तों का तांता लगा.
Ujjain News: महाशिवरात्रि के पावन पर्व के बाद भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की उल्लासपूर्ण परंपरा को जीवंत रखते हुए शहर में श्रद्धालुओं द्वारा भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जा रहा है. इस आयोजन में आम लोगों की शादी की तरह ही भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उपरांत रिसेप्शन रखा जाएगा, जिसमें विवाह भोज की विशेष व्यवस्था होगी और शहर के सभी श्रद्धालुओं को निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया जाएगा.
आयोजन में 56 प्रकार के व्यंजन
आयोजन में पानी पूरी, लस्सी और पान के स्वाद के साथ कॉफी का लुत्फ भी रिसेप्शन पार्टी में बराती उठा सकेंगे. इसके अलावा 56 प्रकार के व्यंजनों में आलू पनीर, मटर आलू, दाल चावल, बूंदी, अलग-अलग मिठाइयां, खीर, पूड़ी और विभिन्न प्रकार की रोटियां परोसी जाएंगी.
आयोजन की परंपरा और तैयारियां
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महेंद्र कटिहार ने बताया कि उनके समूह द्वारा यह आयोजन बीते कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है. आयोजन का स्वरूप व्यापक होने के कारण इसकी तैयारियां महाशिवरात्रि से पहले ही शुरू कर दी जाती हैं. वे अपने साथियों के साथ मिलकर पूरे श्रद्धा भाव और पारंपरिक तरीके से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते हैं, ताकि आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके.
तीन दिन तक चलेगा कार्यक्रम
आयोजन तीन दिनों तक चलेगा. कार्यक्रम की शुरुआत 24 फरवरी से होगी, जबकि 26 फरवरी को भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के पश्चात भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा. रिसेप्शन के अवसर पर विवाह भोज में लगभग 30 से अधिक प्रकार के व्यंजन परोसे जाएंगे, जिनका आनंद शहरवासी उठा सकेंगे. आयोजकों का कहना है कि इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और पूरे उत्साह के साथ भगवान शिव-पार्वती के विवाह उत्सव का आनंद लेंगे.
ये भी पढे़ं- Ujjain: महाकाल की संध्या और शयन आरती के लिए अब करानी होगी प्री बुकिंग, जानें कितना लगेगा पैसा और क्या है तरीका