T20 WC 2026: सुपर-8 के सभी मैच हुए रद्द तो क्या होगा? ICC के इस नियम से तय होंगे सेमीफाइनलिस्ट
टी20 वर्ल्ड कप 2026
T20 WC 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 चरण के मुकाबले शुरू हो गए हैं. इसी के साथ बारिश का कहर भी जारी है. बीते दिन शनिवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 का पहला मैच खेला जाना था, लेकिन यह मैच बारिश के भेंट चढ़ गया. ग्रुप 2 के सभी मैच श्रीलंका में खेले जाने हैं. ऐसे में फैंस के मन में एक ही सवाल है कि अगर ग्रुप-2 के सभी मैच बारिश के कारण रद्द होते हैं तो सेमीफाइनल का फैसला कैसे होगा? क्या है आईसीसी के नियम…
क्या है आईसीसी का नियम?
अगर बारिश के कारण सुपर-8 के सभी मैच रद्द हो जाते हैं, तो ऐसी स्थिति में आईसीसी द्वारा तय टाई-ब्रेकर नियम लागू होता है. इस नियम के अनुसार सबसे पहले ग्रुप स्टेज में टीमों की कुल जीत की संख्या देखी जाएगी. अगर जीत बराबर रहती है तो नेट रन रेट को आधार बनाया जाएगा. अगर नेट रन रेट भी बराबर रहता है तो हेड टू हेड रिकॉर्ड देखा जाएगा. इसके बाद भी अगर स्थिति साफ नहीं होती है तो आईसीसी की टी20 रैंकिंग देखी जाएगी और फैसला लिया जाएगा. यानि मौसम की मार के बावजूद सेमीफाइनलिस्ट नियमों के तहत ही तय किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: IND vs SA: सुपर-8 मुकाबले से पहले मोहम्मद आमिर ने उगला जहर, बोले- सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच टीम इंडिया
ग्रुप-2 में ये दो टीमें हो सकती है सेमीफाइनलिस्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 6 फरवरी से पहले की रैंकिंग को आधार माना जाएगा. ऐसे में बारिश के कारण ग्रुप-2 के मैच रद्द होने पर न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगी. आईसीसी की रैंकिंग के मुताबिक यह दोनों टीमें तीसरे और चौथे स्थान पर हैं.
वहीं, ग्रुप-1 में टाई-ब्रेकर नियम लागू होता है तो ऐसे में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगी. बता दें, आईसीसी रैंकिंग में भारत टॉप पर और दक्षिण अफ्रीका की टीम पांचवें पायदान पर है. अगर ग्रुप-1 में टाई-ब्रेकर नियम लागू होता है तो इसका सीधा-सीधा फायदा भारत को मिलेगा.