CG News: ‘भारत के किसी भी राज्य से राज्यसभा नहीं जाऊंगा’, रायपुर में दिग्विजय सिंह बोले- अब नए लोगों को मौका देंगे
दिग्विजय सिंह(File Photo)
CG News: कांग्रेस के सीनियर लीडर दिग्विजय सिंह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. कांग्रेस नेता ने रायपुर में बुधवार को पत्रकारों से बात की. इस दौरान दिग्विजय सिंह से राज्यसभा जाने को लेकर सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि लंबे समय से राजनीति में हैं. अब राज्य सभा नहीं जाएंगे, बल्कि नए लोगों को मौका देंगे.
‘जब MP में एक सीट है तो छत्तीसगढ़ से क्यों राज्सभा जाएंगे’
दिग्विजय सिंह से सवाल किया गया था कि क्या वे छत्तीसगढ़ से राज्यसभा जाने पर विचार कर रहे हैं. इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, ‘मैं छत्तीसगढ़ से राज्यसभा क्यों जाऊंगा, जब मध्य प्रदेश में एक सीट है. चाहें छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश या भारत के किसी भी प्रांत से मैं राज्यसभा नहीं जाऊंगा. क्योंकि जबसे मेरा राजनीतिक जीवन चालू हुआ है, तब से मैं 5 बार विधायक बना हूं. दो बार लोकसभा जा चुका हूं. दो बार मैं राज्यसभा भी जा चुका हूं. अब नए लोगों को मौका देना चाहिए.
‘कांग्रेस ने कभी नक्सलवाद का समर्थन नहीं किया’
गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के खात्मे की गाइडलाइन दी है. नक्सलियों के खात्मे को लेकर भी कांग्रेस राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह से बात की गई. इस पर उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने कभी नक्सलवाद का समर्थन नहीं किया. नक्सली हिंसा का प्रतीक हैं. नक्सलियों के रास्ते सही हो सकते हैं, लेकिन रास्ते गलत हैं.’
दिग्विजय सिंह ने कहा कि आदिवासी इलाकों में स्थानीय प्रशासन के कारण हमेशा नियमों की अनदेखी की गई. नियमों का उल्लंघन होता रहा. इसके कारण नक्सलवाद पनपा है.
‘BJP देश को अमेरिका का गुलाम बना रही’
वहीं केरल राज्य का नाम बदलकर केरलम किए जाने पर भी कांग्रेस सांसद ने केंद्र सरकार पर हमला बोला. दिग्विजय सिंह ने कहा कि सरकार के सारे मुद्दे फेल हो चुके हैं. वो सिर्फ सड़क और जगहों के नाम बदल रहे हैं.
इसके अलावा दिग्विजय सिंह ने भारत और अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार भारत के किसानों का हक अमेरिका को दे रही है. बीजेपी सरकार देश को अमेरिका का गुलाम बना रही है.
ये भी पढे़ं: MP News: IVF और सरोगेसी के नाम पर महिला और उसके पति को बंधक बनाया, पत्नी से रेप के बाद नवजात को भी किडनैप किया