MP News: निगम परिषद की बैठक में गूंजा गौमांस तस्करी का मुद्दा, महापौर और नेता विपक्ष में हुई तीखी बहस
भोपाल नगर निगम की परिषद की बैठक में गौमांस का मुद्दा उठा.
MP News: भोपाल नगर निगम की परिषद की बैठक हुई. बैठक शुरू होते ही विपक्ष की नेता शबिस्ता जकी ने गोमांस का मुद्दा उठाया. नेता विपक्ष ने कहा कि जिम्मेदारों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है, ना ही असलम चमड़ा के विरुद्ध निगम ने कोई FIR दर्ज नहीं कराई. पिछली बैठक में समिति बनाने के आदेश दिए थे, लेकिन अब तक रिपोर्ट सामने नहीं आई है. कांग्रेस के पार्षदों निगम परिषद की बैठक में पोस्टर के जरिए विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
सदन में गौमांस का मुद्दा गूंजा
सदन में नेता विपक्ष ने कहा कि स्लॉटर हाउस खोलने की परमिशन निगम सरकार ने क्यों दी? इसको लेकर महापौर ने जवाब देते हुए कहा कि जिस वक्त टेंडर हुआ, उस समय निगम में प्रशासक बैठे थे. PPT मोड में स्लॉटर हाउस का टेंडर हुआ. स्लॉटर हाउस में निगम का एक भी पैसा नहीं लगा. स्लॉटर हाउस का प्रस्ताव निगम की परिषद में आया ही नहीं था.
गौहत्या के मामले पर महापौर और नेताप्रतिपक्ष के बीच नोकझोंक
सदन में महापौर मालती राय ने कहा कि इस विषय पर पिछले परिषद में पर्याप्त चर्चा हुई थी. विपक्ष पिछले बैठक में चर्चा से भाग रहा था. जवाब में नेता विपक्ष ने कहा- सरकार डर रही है. इस पर पलटवार करते हुए महापौर ने कहा कि डर नहीं रहे हैं. कांग्रेस जबरदस्ती हंगामा कर रही है. फिर विपक्ष ने कहा कि गौमांस की तस्करी करने वाले असलम चमड़ा के अलावा बाकी अधिकारीयों पर कोई FIR क्यों नहीं हुई. जो अधिकारी लिप्त थे, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई. जैसे असलम चमड़े पर कार्रवाई की गई है, वैसे अधिकारियों पर कब कर्रावाई होगी. गौ हत्या करने वालों को भोपाल की धरती पर बचाए नहीं जाना चाहिए.
इस बीच गौमांस को लेकर सदन में खूब हंगामा हुआ. नेता विपक्ष और महापौर के बीच चल रही बहस के बीच MIC मेंबर रविंद्र यति भड़क गए. कांग्रेस के पार्षद केवल सदन का समय बर्बाद कर रहे हैं. जिस विषय पर लंबी चर्चा पहले हो चुकी है, उस विषय पर चर्चा कर समय बर्बाद कर रहे हैं. रविंद्र यति ने कहा कि अगर कांग्रेस समय बर्बाद करेगी, तो हम भी कुछ भी जवाब देंगे.
‘रिटायर्ड अधिकारी और कर्मचारियों पर भी होगी कार्रवाई’
इस बहस के बीच महापौर खड़ी हुईं और उन्होंने कहा कि गौमांस मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद वर्तमान और रिटायर्ड अगर कोई भी कर्मचारी अधिकारी घटना में संलिप्त पाए जाते हैं तो उन पर कठोर कार्रवाई होगी. निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने भी कहा कि इस मामले में रासुका जैसी कार्रवाई हो रही है. अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी लिप्त होगा तो उसको छोड़ा नहीं जाएगा.
गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने के लिए ज्ञापन सौंपा
इसके बाद निगम परिषद की बैठक में कांग्रेस पार्षद ने बड़ी मांग की है. कांग्रेस पार्षद ने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए. इसके लिए कांग्रेस पार्षदों ने निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी को ज्ञापन भी सौंपा. इस दौरान कांग्रेस पार्षद बोले कि सदन से प्रस्ताव पास कर शासन को भेजा जाए.
कांग्रेस और भाजपा पार्षदों ने भी गौमांस के मुद्दे को उठाया
कांग्रेस पार्षदों के साथ भाजपा पार्षदों ने भी अपनी सरकार को ही घेरा. निगम परिषद की बैठक में बीजेपी पार्षदों ने भी स्लॉटर हाउस मामले में कार्रवाई की मांग की. बीजेपी के सीनियर पार्षद सुरेंद्र बाडिका और विलासराव घड़गे ने गौ मांस मामले में कार्रवाई की मांग की. बीजेपी पार्षदों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढे़ं: MP News: भोपाल नगर निगम का बजट पेश, 3938 करोड़ 45 लाख का प्रावधान, मेयर बोलीं- शहर बनेगा विकसित