रिंकू सिंह ही नहीं, इन 5 भारतीय क्रिकेटर्स के पास है सरकारी नौकरी
भारतीय क्रिकेटर्स
Indian Cricketers: आईपीएल 2026 से पहले उत्तरप्रदेश सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह को रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर के पद पर नियुक्त करने का फैसला लिया है. यह पहला मौका नहीं जब किसी भारतीय खिलाड़ी को सरकारी नौकरी मिली हो. देश में कई ऐसे क्रिकेटर्स हैं, जिन्होंने मैदान के साथ-साथ प्रसानिक जिम्मेदारियां भी संभाली हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको 5 ऐसे भारतीय क्रिकेटरों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके पास सरकारी नौकरी है.
इन 5 क्रिकेटरों के पास है सरकारी नौकरी
1. एम एस धोनी
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कैप्टन कूल के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी का है. धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने तीनों फॉर्मैट में आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं. सेना के प्रति उनका प्रेम किसी से छुपा नहीं है. साल 2011 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद भारतीय सेना ने उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल पद से सम्मानित किया था. 2019 वनडे वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने दो महीने का ब्रेक लेकर भारतीय सेना में अपनी सेवा प्रदान की थी.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले चमकी क्रिकेटर रिंकू सिंह की किस्मत, इस विभाग में लगी सरकारी नौकरी
2. केएल राहुल
इस लिस्ट में टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल का नाम शामिल है. राहुल इन दिनों भारतीय टीम का अहम हिस्सा बन गए हैं. वह भारत की वनडे और टेस्ट टीम में नियमित रूप से नजर आते हैं. साल 2018 में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने उन्हें असिस्टेंट मैनेजर के पोस्ट पर नियुक्त किया था.
3. मोहम्मद सिराज
इस लिस्ट में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का नाम भी शामिल है. सिराज अपनी शानदार गेंदबजी के लिए जाने जाते हैं. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत की जीत के बाद तेलंगाना सरकार ने उन्हें सम्मानित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नियुक्त किया था.
4. युजवेंद्र चहल
इस लिस्ट में टीम इंडिया के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल का नाम भी शामिल है. बता दें, चहल भारत सरकार के आयकर विभाग में इंस्पेक्टर पद पर काबिज है. 2018 साउथ अफ्रीका दौरे के बाद खेल कोटे के तहत उन्हें इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया था. इस बात का खुलासा उन्होंने खुद अपने एक इंटरव्यू में किया था.
5. उमेश यादव
इस लिस्ट में भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव का नाम भी शामिल है. साल 2010 में टीम इंडिया के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले उमेश यादव क्रिकेटर बनने से पहले पुलिस में भर्ती होना चाहते थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. साल 2017 में खेल कोटे के तहत उन्हें रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर की पोस्ट मिली.