शादी से 20 दिन पहले गैस सिलेंडर के लिए कलेक्ट्रेट पहुंची दुल्हन, कलेक्टर से कर दी ये मांग
प्रतीकात्मक चित्र(फोटो-सोशल मीडिया)
UP News: मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच भारत में LPG गैस सिलेंडर को लेकर आम लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. 15 अप्रैल 2026 से शादी का सीजन एक बार फिर शुरू होने जा रहा है. शादियों में खाना बनाने समेत दूसरे कामों में बड़ी मात्रा में गैस की जरूरत होती है. सिलेंडर की सप्लाई में कमी को लेकर शादी वाले घरों में बेचैनी है.
परिवार को 13 सिलेंडरों की जरूरत
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई के बघोरा मोहल्ला में रहने वाला एक परिवार इन दिनों चिंता से घिरा हुआ है. यहां रहने वाली अनुष्का की शादी 25 अप्रैल 2026 को होने वाली है. जहां एक ओर परिवार खुशी-खुशी शादी की तैयारियों में जुटा हुआ है, वहीं सिलेंडर की किल्लत ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी है.
परिजनों का कहना है कि उन्हें शादी समारोह में खाना बनाने समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए 13 गैस सिलेंडरों की जरूरत होती है. जी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इसके लिए दुल्हन के परिवार ने एक महीने पहले ही कोशिश कर दी थी, इसके बावजूद अब तक पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर नहीं मिल सके हैं. गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने के बाद भी उचित समाधान नहीं मिल पाया है.
ये भी पढ़ें: मोबाइल का नया नंबर रिश्तेदारों को देना पड़ा भारी! पति-पत्नी में जमकर हुआ झगड़ा, थाने पर हुआ निपटारा
शादी से 20 दिन पहले कलेक्ट्रेट पहुंची दुल्हन
परिवार की जद्दोजहद के बीच शादी की तारीख से करीब 20 दिन पहले दुल्हन अपनी दीदी उर्मिला के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं. उन्होंने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा और मदद की गुहार लगाई. इसके साथ ही मांग रखी कि उन्हें पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं ताकि उनका शुभ कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के पूरा हो सके.