Mauganj News: मऊगंज में गौशालाओं का भ्रष्टाचार, अधिकारी पर गंभीर आरोप, विश्व हिंदू परिषद ने दी चेतावनी

Mauganj News: आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कई गौशालाओं में गायें मौजूद नहीं होने के बावजूद शासन द्वारा जारी राशि निकाल ली जा रही है. वहीं, वास्तविक गौवंश वाले स्थानों पर बिना किसी लेन-देन के मदद नहीं दी जा रही.
Government Veterinary Hospital Mauganj

शासकीय पशु चिकित्सालय मऊगंज

Mauganj News: मऊगंज जिले के हनुमना क्षेत्र में संचालित गौशालाओं में कथित भ्रष्टाचार ने नया विवाद जन्म लिया है. अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष सुनील मिश्रा ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी डॉ. के.के. गुप्ता (बीएमओ, हनुमना) पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

गायों के नाम पर रकम का खेल

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कई गौशालाओं में गायें मौजूद नहीं होने के बावजूद शासन द्वारा जारी राशि निकाल ली जा रही है. वहीं, वास्तविक गौवंश वाले स्थानों पर बिना किसी लेन-देन के मदद नहीं दी जा रही. शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ कथित दलाल गौशालाओं में जाकर कर्मचारियों को धमकाने और अवैध वसूली करने का काम कर रहे हैं, जबकि उनका कोई आधिकारिक अधिकार नहीं है.

गौवंश की सुरक्षा खतरे में

संगठन ने बताया कि पहले भी अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया था, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई. हाल ही में जब संगठन के पदाधिकारी जानकारी लेने पशु चिकित्सालय पहुंचे, तो संबंधित अधिकारी ने संतोषजनक जवाब देने से इनकार कर दिया. शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि गौशालाओं के उचित संचालन के अभाव में गौवंश की हालत दयनीय है. कई गायें सड़क हादसों का शिकार हो रही हैं. संगठन ने कहा कि यदि सही जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जाए, तो गौवंश को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सकता है.

ये भी पढ़ें-MP News: भोपाल-इंदौर समेत चार संभागों में आज से गेहूं खरीदी शुरू, मंत्री और विधायक किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करेंगे

संगठन की मांग-निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई

अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल ने कलेक्टर से पूरी तरह निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. संगठन ने चेतावनी भी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह आंदोलन करने पर मजबूर होगा.

ज़रूर पढ़ें