MP News: CM मोहन यादव ने अमरकंटक में की नर्मदा पूजा, ‘पंच परिवर्तन’ कार्यक्रम में हुए शामिल
सीएम मोहन यादव का अमरकंटक दौरा
MP News: अनूपपुर जिले के अमरकंटक दौरे पर पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदे हर सेवा न्यास में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर स्वर्गीय भगवत शरण माथुर को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने “पंच परिवर्तन” विषय पर आयोजित विचार संगोष्ठी में भाग लेते हुए अमरकंटक के विकास और संरक्षण को लेकर बड़ा संदेश दिया.
सीएम ने किया कन्या पूजन
अमरकंटक पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत किया गया. इसके बाद उन्होंने नर्मदे हर सेवा न्यास के संस्थापक स्वर्गीय भगवत शरण माथुर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने परंपरानुसार पांच कन्याओं का पूजन किया और कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंचीय कार्यक्रम में भाग लिया.
आज अमरकंटक में @BJP4MP के पूर्व सह संगठन महामंत्री एवं @RSSorg के वरिष्ठ प्रचारक श्रद्धेय, स्वर्गीय भगवत शरण माथुर जी की जयंती पर आयोजित ‘विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि समारोह’ में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) April 13, 2026
वह असंभव काम को संभव करने में सिद्धहस्त थे। उन्होंने… pic.twitter.com/lIjuIigdOv
पंच परिवर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए
मंचीय कार्यक्रम में नर्मदे हर सेवा न्यास के अध्यक्ष रामलाल रौतेल और सचिव व जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश पांडे ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. “पंच परिवर्तन” विषय पर आयोजित विचार संगोष्ठी में मुख्यमंत्री ने स्व. भगवत शरण माथुर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि अमरकंटक की पवित्र भूमि पर आने से जीवन का पुण्य फल प्राप्त होता है और इस क्षेत्र को हरा-भरा बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा. साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि अमरकंटक के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.
मां नर्मदा की पूजा की
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नर्मदे हर सेवा न्यास द्वारा लगाए गए सेवाभावी गतिविधियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया. इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक बैठक भी की, जिसमें विकास कार्यों की समीक्षा की गई. दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री मां नर्मदा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने नर्मदा कुंड में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान अमरकंटक के पंडितों ने उन्हें प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद दिया.
ये भी पढ़ें: MP में हेल्थ फैसिलिटी में होगा इजाफा! 6 जिलों में खुलेंगे मेडिकल कॉलेज, मोहन सरकार ने दी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने मंदिर की परिक्रमा की और श्रद्धालुओं व परिक्रमा वासियों से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया. इसके बाद वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से जबलपुर के डुमना हेलीपैड के लिए रवाना हो गए.