IPL 2008 में दिल्ली ने विराट कोहली पर क्यों नहीं लगाया दांव? सहवाग का बड़ा खुलासा
विराट कोहली
Virat Kohli: क्रिकेट लाइव मैच की कमेंट्री के दौरान अक्सर पुराने कमेंटेटर पुराने मुकाबलों को याद करते रहते हैं. पुराने किस्सों में कुछ ऐसी जानकारी मिल जाती है, जो फैंस को हैरान कर देती है. हाल ही में दिल्ली डेयरडेविल्स के पूर्व कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने विराट कोहली से जुड़ा बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया की क्यों साल 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में दिल्ली ने विराट कोहली को नहीं खरीदा था.
क्यों दिल्ली ने विराट कोहली को नहीं खरीदा?
दरअसल हाल ही में जियोहॉटस्टार पर चैंपियन वाली ट्रॉफी पर बात करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने खुलासा किया कि क्यों आईपीएल 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स अब (दिल्ली कैपिटल्स) ने विराट कोहली की जगह तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान को खरीदा था. सहवाग ने कहा कि, मुझे याद है आईपीएल 2008 में दिल्ली में तिलकरत्ने दिलशान के साथ शिखर धवन भी हमारी टीम का हिस्सा थे. वैसे तो वे दोनों सलामी बल्लेबाज थे, लेकिन हम उन्हें तीसरे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करवाते थे. मैं और गौतम गंभीर ओपनिंग करते थे.
उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ते हुए बताया कि उनकी टीम में बहुत सारे टॉप ऑर्डर बल्लेबाज मौजूद थे. ऐसे में उन सभी को बल्लेबाजी क्रम में फिट करना मुश्किल था. उस समय विराट भी तीसरे-चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते थे, इसलिए हमारे पास उन्हें लेने की जगह नहीं थी. हमारे पास एक गेंदबाज कम था, यही वजह है कि हमने कोहली की जगह सांगवान को अपनी टीम में शामिल किया.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के प्लेऑफ़ में पहुंचने के लिए कितने पॉइंट्स जरूरी? जानें किस टीम के कितने अंक
दिल्ली की घरेलू टीम का हिस्सा थे कोहली
बता दें, विराट कोहली भी भारतीय पूर्व क्रिकेटेर गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग और शिखर धवन जैसे खिलाड़ियों की तरह दिल्ली की घरेलू टीम का हिस्सा थे, ऐसे में आईपीएल में दिल्ली के पास उन्हें अपनी टीम में जोड़ने का मौका था. लेकिन उस दौरान दिल्ली ने उन्हें नहीं खरीदा. इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विराट कोहली को खरीदा और तब से अब तक कोहली इसी टीम का हिस्सा हैं. इसके अलावा विराट भी साफ कर चुके हैं कि वह आईपीएल में जब तक खेलेंगे तब तक आरसीबी के साथ ही खेलेंगे.