‘TMC नहीं चाहती बेटियां ज्यादा संख्या में MLA बनें…’, बंगाल में विपक्ष पर जमकर बरसे पीएम मोदी
पीएम मोदी
West Bengal election 2026: पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रचार में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विष्णुपुर में एक जनसभा को संबोधित किया. बीजेपी ने इस सभा को विजय संकल्प सभा नाम दिया है. पीएम मोदी ने जनसभा में टीएमसी पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने देश को पहला आदिवासी राष्ट्रपति दिया क्योंकि हम आदिवासी समुदायों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
उन्होंने कहा कि टीएमसी ने इस आदिवासी नेता के खिलाफ अपना उम्मीदवार खड़ा करने का फैसला किया, ठीक उसी तरह जैसे एक बार कांग्रेस ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को हराने के लिए उनके खिलाफ उम्मीदवार खड़ा किया था.
पीएम मोदी ने कहा कि हम चाहते हैं कि विकसित भारत बनाने में बेटियों की भूमिका का विस्तार हो, राजनीति में भी ज्यादा से ज्यादा बेटियां आएं. लेकिन आपने देखा होगा कि संसद में क्या हुआ. टीएमसी ने बंगाल की बहनों के साथ एक और धोखा किया है.
TMC नहीं चाहती बेटियां ज्यादा संख्या में MLA बनें- पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की बहनें चाहती थीं कि उन्हें 33 प्रतिशत आरक्षण मिले, मोदी ने यह सुनिश्चित किया.बंगाल की बहनें चाहती थीं कि 2029 से ही यह लागू हो, लेकिन टीएमसी नहीं चाहती थी कि बंगाल की बेटियां ज्यादा संख्या में MLA बनें, MP बनें. क्योंकि बंगाल की बेटियां इनके महाजंगलराज को चुनौती दे रही हैं.इसलिए टीएमसी ने कांग्रेस के साथ मिलकर साजिश रची और 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए सुरक्षित रखने का कानून नहीं बनने दिया.अभी ‘मातृ शक्ति भरोसा कार्ड’ की बहुत चर्चा है. इससे बंगाल की हर बहन बहुत खुश है. इससे बंगाल की बहनों को हर साल 36,000 रुपये मिलेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि यहां भाजपा सरकार बनने पर गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की मदद दी जाएगी.संतान होने पर 5,000 रुपये की मदद केंद्र सरकार द्वारा भी बहनों को दी जाएगी.बेटियों को शिक्षा के लिए 50,000 रुपये की मदद मिलेगी.4 मई को क्या नतीजे आने वाले हैं, इसकी झलक टीएमसी के बड़े नेताओं की भाषा में दिख रही है.
पश्चिम बंगाल से होगा अब भय का त्याग
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता में टीएमसी के बड़े नेता की धमकियां, उनकी गुंडागर्दी की भाषा, उनका रोना-धोना. यह 4 मई से पहले का एग्जिट पोल है. पश्चिम बंगाल अब भय को त्यागकर, भरोसे की नई दिशा चुनने को तैयार है. यहां 15 साल से टीएमसी की निर्मम सरकार है और केंद्र में 11 साल से भाजपा की सरकार है.15 साल में टीएमसी की दुर्गति, भय और भ्रष्टाचार ने बंगाल के हर परिवार को भयभीत कर रखा है.लेकिन इस दौरान भाजपा के सुशासन के प्रति जनता का विश्वास बढ़ता ही गया है.
बंगाल ने अपना मन बना लिया- मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि पड़ोसी राज्य त्रिपुरा में दशकों तक वामपंथियों का शासन रहा है. वहां लोगों ने बीजेपी पर भरोसा किया. असम में कांग्रेस ने वर्षों तक शासन किया और लोगों ने भाजपा पर भरोसा किया. इसका मतलब यह है कि जहां भी भय और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच जाता है, लोग भाजपा पर भरोसा करते हैं और उसे चुनते हैं. हम बंगाल में भी यही देख रहे हैं और इसलिए, बंगाल के लोगों ने अपना मन बना लिया है.
ये भी पढ़ें: ‘विपक्ष ने जो पाप किया है उसकी सजा मिलेगी’, महिला आरक्षण बिल पर बोले PM Modi