‘विपक्ष ने जो पाप किया है उसकी सजा मिलेगी’, महिला आरक्षण बिल पर बोले PM Modi

पीएम मोदी ने कहा, 'ये लड़ाई सिर्फ एक कानून की नहीं है. ये लड़ाई कांग्रेस की एंटी मानसिकता से है, जिसमें सिर्फ निगेटिविटी है. मुझे कोई संदेह नहीं है कि देश की सभी मताएं-बहनें कांग्रेस की इस मानसिकता का जवाब देकर रहेंगी.
Prime Minister Narendra Modi.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.

PM Modi: शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर देश को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया. देश की बहनों के सपनों को कुचल दिया गया. देश की माताओं, बहनों से मैं क्षमा मांगता हूं. विपक्ष ने जो पाप किया है, उसकी उन्हें सजा जरूर मिलेगी.

‘विपक्ष ने अधिनियम की भ्रूण हत्या कर दी’

प्रधानमंत्री मोदी ने सभी कांग्रेस समेत सभी विपक्षी पार्टियों का नाम लेते हुए जमकर हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा, हमने साफ नीयत के साथ पवित्र प्रयास किया. नारी शक्ति वंदन अधिनियम वक्त की मांग है. हर राज्य में समान वृद्धि का प्रयास था. आबादी या छोटे-बड़े राज्य की बात नहीं थी. विपक्ष ने अधिनियम की भ्रूण हत्या कर दी. ये लोग देश के संविधान के अपराधी हैं.’

‘कांग्रेस महिला आरक्षण से नफरत करती है’

महिला आरक्षण बिल के पास ना होने पर पीएम मोदी ने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया. पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस महिला आरक्षण से नफरत करती है. कांग्रेस ने इतिहास रचने का मौका खो दिया. कांग्रेस का मुखौटा उतर गया है. कांग्रेस क्षेत्रीय दलों की पीठ पर सवार होकर खुद को जिंदा किए हुए है. कांग्रेस हर बार एक जैसा बहाना करती है.’

‘कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को भी डुबोएगी’

पीएम मोदी ने कांग्रेस के अलावा डीएमके, टीएमसी, समाजवादी पार्टी को भी बिल ना पास होने के लिए गुनहगार ठहराया है. प्रधानमंत्री ने कहा, परिवारवादी पार्टियां महिलाओं से असुरक्षित महसूस करती हैं. कांग्रेस इन क्षेत्रीय दलों को भी डुबोएगी. कांग्रेस बांटो और राज करो की नीति अंग्रेजों से सीखकर आएगी. कांग्रेस ने हमेशा दरार पैदा करने वाली भावनाओं को हवा दी है. इसलिए ये परिसीमन को लेकर झूठा भ्रम फैला रहे हैं. जबकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी राज्य की सीट नहीं घटेगी, बल्कि समान रूप से राज्यों की सीटें बढ़ेंगीं.’

‘स्वार्थ की राजनीति के कारण अपने राज्यों को भी धोखा दिया’

महिला आरक्षण बिल पास ना होने पर प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय पार्टियों को भी आड़े हाथों लिया. पीएम मोदी ने कहा, ‘डीएमके के पास मौका था कि अपने राज्य के लोगों को और भी ज्यादा संसद पहुंचाते, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. टीएमसी के पास भी अपने राज्य के लोगों को आगे पहुंचाएं. लेकिन टीएमसी ने भी ऐसा नहीं किया. सपा को महिला विरोधी होने का दाग धोने का मौका था. लेकिन वो भी नहीं कर पाए. सपा लोहिया जी को तो पहले ही भूल चुकी है, अब महिला आरक्षण बिल का विरोध करके लोहिया के सपनों को चकनाचूर कर दिया.’

‘कांग्रेस ने हर अच्छी चीज का विरोध करती है’

पीएम मोद ने कहा कि ये पहली दफा नहीं है जब कांग्रेस किसी अच्छे बदलाव का विरोध कर रही है. कांग्रेस हमेशा ऐसे ही विरोध करती रही है. पीएम ने कहा, ‘कांग्रेस देश में घुसपैठियों को भगाने का विरोध करती है. कांग्रेस धारा 370 का विरोध करती है. कांग्रेस ने सीएए कानून तक का विरोध किया है. कांग्रेस माओवादी, नक्सली हिंसा को समाप्त करने में भी रुकावटें डालती है. कांग्रेस का एक ही पैटर्न रहा है, कोई भी सुधार हो, झूठ बोलो और भ्रम फैलाओ. जो भी देश के लिए जरूरी फैसला होता है, कांग्रेस इसको नीचे डाल देती है. कांग्रेस के रवैया के कारण भारत उस ऊंचाई पर नहीं पहुंच पाया, जिसका वो हकदार था. आजादी के समय कई और देश भारत के साथ ही आजाद हुए थे, लेकिन वो हमसे आगे निकल गए. इसका कारण कांग्रेस का हर रिफॉर्म को रोक कर रखना है. कांग्रेस ने ओबीसी आरक्षण, वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे को 40 साल तक रोके रखा. कांग्रेस के हर छल, प्रपंच का खामियाजा देश ने भुगता है. देश की पीढ़ियों ने भुगता है. ‘

‘देश की बहनें कांग्रेस की मानसिकता का जवाब देकर रहेंगी’

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आगे कहा, ‘ये लड़ाई सिर्फ एक कानून की नहीं है. ये लड़ाई कांग्रेस की एंटी मानसिकता से है, जिसमें सिर्फ निगेटिविटी है. मुझे कोई संदेह नहीं है कि देश की सभी मताएं-बहनें कांग्रेस की इस मानसिकता का जवाब देकर रहेंगी. ये विषय कामयाबी या नाकामयाबी या क्रेडिट लेने का नहीं था. मैंने संसद में भी कहा था कि आधी आबादी को इसका हक मिल जाने दीजिए, मैं इसका क्रेडिट आपको दे दूंगा. नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है. मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक है. कितनी ही बहनों ने पत्र लिखा, मुझे सारी बातें बताई हैं. मेरे देश की माताओं, बहनों, बेटियाों मैं जानता हूं आज आप दुखी हैं. मैं भी आपके दुख में दुखी हूं.’

‘हमारा इरादा अडिग है, सिर्फ वक्त का इंतजार है’

पीएम मोदी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा, ‘मैं जानता हूं 100 परसेंट नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है. मैं सभी बहनों को विश्वास दिलाता हूं. हमारा हौसला बुलंद है, हमारी इरादा भी अडिग है. महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने से रोक नहीं पाएंगी. सिर्फ वक्त का इंतजार है.

कल हमारे पास संख्या बल नहीं था. लेकिन हमारा आत्मबल अजेय है. हमारा प्रयास थमेगा नहीं. हमारे पास आगे भी और मौके आएंगे. हमको आधी आबादी के सपनों के लिए, देश के लिए इस संकल्प को पूरा करना ही है.

ये भी पढ़ें: मह‍िला आरक्षण ब‍िल गिरने के बाद क्‍या है BJP का प्‍लान? नितिन नवीन की बैठक में बनी ये रणनीति

ज़रूर पढ़ें