Raipur: कैंसर पीड़िता की रुकी मदद पर प्रशासन सख्त, लापरवाह बाबू सस्‍पेंड, इलाज के लिए 2 लाख की राहत राशि जारी

Raipur News: कैंसर से जूझ रही एक पीड़‍ित महिला को चिकित्सा प्रतिपूर्ति की राशि समय पर न मिलने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है.
Collector's Office, Raipur

कलेक्टर कार्यालय रायपुर

Raipur News: रायपुर में कैंसर से जूझ रही एक पीड़‍ित महिला को चिकित्सा प्रतिपूर्ति की राशि समय पर न मिलने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शिकायत मिलते ही जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संबंधित बाबू को निलंबित कर दिया, जबकि स्कूल के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया है. साथ ही, पीड़िता को राहत पहुंचाने के लिए महज दो दिनों के भीतर करीब 2 लाख रुपये की राशि जारी करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे लंबे समय से अटकी आर्थिक सहायता मिल सकी.

आर्थिक तंगी से जूझ रही थी पीड़िता

बताया जा रहा है कि महिला व्याख्याता ने इलाज के बढ़ते खर्च और आर्थिक तंगी को लेकर कलेक्टर से सीधे मुलाकात कर मदद की मांग की थी. मामले की गंभीरता को समझते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके बाद संबंधित प्रस्ताव संचालनालय लोक शिक्षण को भेजा गया और प्रक्रिया को तेज करते हुए दो दिन के अंदर राशि स्वीकृत कर भुगतान के लिए जारी कर दी गई.

आवेदन आगे नहीं बढ़ाने पर कार्रवाई

जांच में यह बात सामने आई कि व्याख्याता ने अपने स्कूल में मेडिकल प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन दिया था, लेकिन सहायक ग्रेड-03 के पद पर कार्यरत बाबू ने उसे आगे उच्च कार्यालय तक भेजा ही नहीं. इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए कलेक्टर के निर्देश पर बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, धरसींवा कार्यालय में संबद्ध कर दिया गया.

लापरवाही पर सख्त संदेश

कलेक्टर ने साफ तौर पर कहा कि जरूरतमंद लोगों के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने और लंबित प्रकरणों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी पीड़ित को समय पर सहायता मिल सके.

ये भी पढे़ं- CG News: मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा, गहरे रंग के कपड़े और ऊंची हील समेत इन चीजों के साथ नहीं मिलेगी एंट्री

ज़रूर पढ़ें