उज्जैन में शादी से पहले लापता हुई युवती, पिता बांट रहे थे कार्ड, 36 घंटे बाद भोपाल से मिली, जानें पूरा मामला

Ujjain: उज्जैन के पवासा थाना क्षेत्र में एक युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया, जिसे पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया.
Police Recover Missing Young Woman from Bhopal

लापता युवती को पुलिस ने भोपाल से बरामद किया

MP News: मध्य प्रदेश के उज्जैन के पवासा थाना क्षेत्र में एक युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया, जिसे पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर भोपाल से सकुशल बरामद कर लिया. खास बात यह रही कि जिस बेटी की शादी के निमंत्रण कार्ड उसके पिता बांट रहे थे, वही युवती घर से बिना बताए निकल गई, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया.

पिता गए थे कार्ड देने, घर से लापता हुई युवती

घटना 23 अप्रैल की बताई जा रही है. उस दिन युवती के पिता रिश्तेदारों को शादी के कार्ड देने गए थे. इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे परिजनों को पता चला कि युवती घर पर नहीं है. काफी तलाश के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजनों ने पवासा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई.

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने टीम बनाकर तुरंत जांच शुरू करवाई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और साइबर सेल की मदद ली. जांच के दौरान युवती की लोकेशन भोपाल में मिलने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस टीम तुरंत भोपाल रवाना हुई और 25 अप्रैल को रेलवे स्टेशन से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि युवती पारिवारिक मतभेदों के चलते अपनी इच्छा से घर छोड़कर गई थी.

शादी से पहले टला विवाद

बताया जा रहा है कि युवती की शादी 1 मई को तय थी. समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ा विवाद टल गया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली. युवती के सुरक्षित मिलने पर परिजनों और समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर पुलिस टीम का सम्मान किया और उनका आभार जताया.

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई के साथ नितेश मिठौरा, संतोष राव, अब्दुल रहीम, पंकज पाटीदार, बृजेंद्र भारती, शिवकन्या, रीना और साइबर सेल उज्जैन की टीम की अहम भूमिका रही.

ये भी पढे़ं- MP News: पति की ‘सगी बहन’ को बताया ‘दूसरी पत्नी’, कोर्ट की आंखों में धूल झोंककर महिला ने 28 साल बाद लिया तलाक

ज़रूर पढ़ें