Mauganj News: सरकारी जमीन से सड़क तक कब्जा, सड़क गायब और प्रशासन लापता, जाम से त्रस्त जनता!

Mauganj: जिस सड़क से कभी हजारों लोग और भारी वाहन बेधड़क गुजरते थे, आज वहीं घंटों जाम लगना आम हो गया है. राहगीर बेहाल हैं, स्कूली बच्चे परेशान हैं और सबसे चिंताजनक बात एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाएं भी इस जाम में फंसकर जूझ रही हैं.
mauganj Occupation

मऊगंज सड़क पर अतिक्रमण

MP News: मऊगंज जिले के हनुमना तहसील के ग्राम खटखरी से सामने आई तस्वीरें सिर्फ एक गांव की समस्या नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे की पोल खोल रही हैं. खसरा नंबर 3287 की शासकीय जमीन पूरी तरह अतिक्रमण है, वहीं एमपीआरडीसी द्वारा जनता की सुविधा के लिए बनाई गई सड़क पूरी तरह अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुकी है. हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि सड़क अब सड़क नहीं रही बल्कि 20-25 लोगों द्वारा खड़ी की गई अवैध दुकानों और पक्के निर्माणों की कतार में तब्दील हो चुकी है.

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह सब कुछ आखिर किसकी शह पर हो रहा है? खुलेआम सरकारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं. न कोई कार्रवाई, न कोई रोक, मानो कानून व्यवस्था पूरी तरह दम तोड़ चुकी हो.

हर दिन जाम, हर पल जान पर खतरा

जिस सड़क से कभी हजारों लोग और भारी वाहन बेधड़क गुजरते थे, आज वहीं घंटों जाम लगना आम हो गया है. राहगीर बेहाल हैं, स्कूली बच्चे परेशान हैं और सबसे चिंताजनक बात एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाएं भी इस जाम में फंसकर जूझ रही हैं. स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि अगर हालात नहीं बदले, तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त

मऊगंज जिला बनने के बाद इस सड़क का महत्व और बढ़ गया था. यह मार्ग खटखरी को शाहपुर, गौरी, सोनौरी, चाकघाट होते हुए प्रयागराज और बनारस जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ता है. लेकिन अतिक्रमण ने इस जीवनरेखा को जाम और अव्यवस्था में बदल दिया है. लोग परेशान हैं, लोगो की आवाजाही थम चुकी है और आम जनता रोज इस समस्या का खामियाजा भुगत रही है.

ये भी पढ़ेंः पहले हथौड़े से किया हमला फिर रेता गला, प्रेमी के लिए पति को सुलाया मौत की नींद, अब हुई उम्रकैद

प्रशासन की चुप्पी पर खड़े बड़े सवाल?

आखिर जिम्मेदार अधिकारी चुप क्यों हैं? क्या कार्रवाई करने की इच्छाशक्ति खत्म हो चुकी है या फिर जानबूझकर इस अतिक्रमण को नजरअंदाज किया जा रहा है? अगर सरकारी जमीन ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता किससे उम्मीद करे?

जनता का गुस्सा चरम पर, आर-पार की चेतावनी!

खटखरी के ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा अब फूट पड़ा है. लोगों ने साफ शब्दों में अल्टीमेटम दिया है यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो बड़ा जन आंदोलन होगा. अब वक्त आ गया है कि प्रशासन नींद से जागे और सख्त कार्रवाई करे. वरना अगली खबर सिर्फ जाम की नहीं, बल्कि किसी बड़े हादसे की होगी और उसकी पूरी जिम्मेदारी सिस्टम पर होगी.

ज़रूर पढ़ें