MP News: रिश्तों की आड़ में दरिंदगी! शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के थाना नईगढ़ी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया. हालांकि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के अंदर ही दबोच लिया.
शादी समारोह में हुई थी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक 01 मई 2026 को पीड़िता थाना नईगढ़ी पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता ने बताया कि एक पारिवारिक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात चचेरी बहन के देवर धर्मेन्द्र पटेल से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, जिसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए.
समय बीतने के साथ आरोपी अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया. खुद को ठगा और आहत महसूस करते हुए पीड़िता ने न्याय की आस में पुलिस का दरवाजा खटखटाया.
24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया. थाना प्रभारी उप निरीक्षक ऋषि कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय मऊगंज में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
पुलिस की तत्परता से मिला न्याय का भरोसा
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित किया है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा. वहीं, इस घटना ने समाज में रिश्तों की आड़ में हो रहे अपराधों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढे़ं: MP News: मंदसौर में फूड प्वाइजनिंग से कई लोग बीमार, मुंडन के कार्यक्रम में कई लोगों ने किया था सामूहिक भोजन