बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या, गाड़ी रुकवाकर 10 राउंड दागी गोलियां, बीजेपी ने टीएमसी पर लगाए आरोप
West Bengal Violence: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के बाद हिंसा का दौर जारी है. बुधवार को एक और सनसनीखेज वारदात में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावरों ने मध्यग्राम में चंद्रनाथ की गाड़ी को रुकवाकर 10 राउंड फायरिंग की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन, उनकी जान बचाई नहीं जा सकी. इस वारदात के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर दी है और हमलवारों की तलाश शुरू कर दी है.
विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद बंगाल में जारी हिंसा की तीन अलग-अलग घटनाओं में 2 टीएमसी के और एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई थी. वहीं बुधवार रात सुवेंदु अधिकारी के पीए की सरेआम हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सुवेंदु अधिकारी बंगाल में सीएम फेस की रेस में सबसे आगे हैं और भवानीपुर विधानसभा सीट पर उन्होंने ममता बनर्जी को मात दी है.
#WATCH | North 24 Parganas, West Bengal | Visuals of the car in which BJP Leader Suvendu Adhikari's PA Chandra was shot dead near Madhyagram https://t.co/0kAKzKZ5yW pic.twitter.com/kxVqCiky05
— ANI (@ANI) May 6, 2026
चुनावी नतीजों के बाद हिंसा की कई घटनाएं
उत्तर 24 परगना से लेकर कोलकाता तक बुधवार को कई जगह हिंसा की खबरें आई हैं. इस बीच, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मंगलवार और बुधवार को हिंसा की घटनाओं के बाद करीब 100 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.
बीजेपी ने टीएमसी पर लगाया आरोप
बीजेपी ने चंद्रनाथ रथ की हत्या का आरोप टीएमसी पर लगाया है. भाजपा नेता कीया घोष ने कहा, “चंद्रनाथ रथ को हम सुवेंदु अधिकारी के PA के तौर पर जानते थे, उन्हें मध्यमग्राम में बहुत करीब से गोली मारी गई है. उन्होंने भवानीपुर में बहुत ज़ोर-शोर से काम किया था, जहां सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल की थी. अब इन बातों को जोड़कर देखिए. इसीलिए मैं हमेशा कहती हूं कि TMC लुटेरों और हत्यारों की पार्टी है और सबसे ज़्यादा बदले की भावना रखने वाली पार्टी है. क्योंकि सुवेंदु के PA ने इतनी मेहनत से काम किया था, इसलिए TMC ने गुस्से, हताशा और नाराज़गी में उन्हें निशाना बनाया. लेकिन नई सरकार बनने के बाद, गोली चलाने वालों और चंद्र की हत्या के लिए ‘सुपारी’ देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.”
बता दें कि 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है. गृह मंत्री अमित शाह बंगाल में बीजेपी के पर्यवेक्षक बनाए गए हैं और वे गुरुवार को कोलकाता पहुंचेंगे. उनकी मौजूदगी में विधायक दल के नेता का चुनाव होना है. लेकिन, इसके ठीक पहले ही मध्यग्राम में सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या कर दी गई है.