Mauganj: बाल विवाह पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, प्रशासनिक टीम पहुंचते ही रुकी शादी
बाल विवाह होने से रोका, मऊगंज
Mauganj: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के नईगढ़ी क्षेत्र अंतर्गत अकौरी गांव में होने जा रहे एक बाल विवाह को प्रशासन की तत्परता और सामाजिक संगठनों की सक्रियता से समय रहते रोक दिया गया. नाबालिग लड़की की शादी की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन की सहयोगी संस्था अहिंसा वेलफेयर सोसायटी की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई.
कलेक्टर के निर्देश पर हुई संयुक्त कार्रवाई
कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई ने जिले में बाल विवाह के खिलाफ प्रशासन की सख्त मंशा को साफ कर दिया. गांव में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन टीम ने मौके पर पहुंचकर परिवार और ग्रामीणों को बाल विवाह प्रतिषेध कानून, बाल अधिकारों और कम उम्र में विवाह से होने वाले सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी.
अधिकारियों ने तैयार किया पंचनामा
कार्रवाई के दौरान जिला समन्वयक सुरेन्द्र प्रसाद चतुर्वेदी, आशीष कुमार शुक्ला एवं विभागीय पर्यवेक्षक दुर्गा मरावी सहित पूरी टीम मौजूद रही. समझाइश और कानूनी जानकारी के बाद परिवार ने बाल विवाह नहीं कराने की सहमति दी. इसके बाद मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी पूरी की गई.
बेटियों के सुरक्षित भविष्य का संदेश
इस पूरी कार्रवाई ने यह संदेश दिया कि यदि प्रशासन और समाज मिलकर सजग रहें, तो मासूम बच्चों का बचपन समय से पहले जिम्मेदारियों के बोझ तले दबने से बचाया जा सकता है. अकौरी गांव में रुका यह बाल विवाह केवल एक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि बेटियों के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की रक्षा की मजबूत पहल बनकर सामने आया.
ये भी पढे़ं- बड़वानी में घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद 2 राहगीर आपस में भिड़े, राहवीर योजना के 25 हजार पर किया दावा