बस्तर संभाग के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, जगदलपुर में शुरू हो रही पहली आवासीय खेल अकादमी, 28 मई से ट्रायल
आवासीय खेल अकादमी
CG News: बस्तर संभाग के युवाओं को बड़ी सौगात मिली है. जहां जगदलपुर में पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू होने जा रही है. यहां 28 मई से 2-दिवसीय राज्य स्तरीय चयन ट्रायल होगा. यह संभाग के प्रतिभावान खिलाड़ियों के सुनहरे भविष्य के लिए मददगार साबित होगी.
बस्तर के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जगदलपुर में जल्द ही बस्तर की पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू की जाएगी. इस अकादमी में 13 से 17 वर्ष के खिलाड़ी यहां रहकर उच्च स्तरीय और अत्याधुनिक आवासीय प्रशिक्षण ले सकेंगे. वहीं फुटबॉल के लिए 25, एथलेटिक्स के लिए 20 और बस्तर की पारंपरिक और लोकप्रिय विधा आर्चरी के लिए 20 सीटों का आवंटन किया गया है.
प्रतिभावान युवाओं को मिलेगा मौका
खेल एवं युवा कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रस्तावित खेल एकेडमी के शुरू होने से न केवल शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चे भी यहां रहकर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे. वर्तमान में संभाग में जो भी खेल आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हैं, वे अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं, जिससे शहर और आसपास के इलाकों के बच्चों को सीमित अवसर मिलते हैं.
शहर में एकेडमी की स्थापना के बाद स्थिति में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे जहां एकेडमी परिसर में रहकर नियमित अभ्यास कर सकेंगे, वहीं शहरी क्षेत्र के खिलाड़ी डेज बोर्डिंग व्यवस्था के तहत अपने घर से आकर प्रशिक्षण ले पाएंगे. इससे दोनों वर्गों के खिलाड़ियों को सुविधाजनक समान अवसर मिलेंगे.