हमला या साजिश? रीवा की घटना पर भड़का जैन समाज, हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर उतरा जनसैलाब!
जैन समाज और सर्व समाज के लोगों का प्रदर्शन
मध्यप्रदेश के रीवा जिले में आर्यिका संघ के साथ हुई घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. दमोह जिले के तेंदूखेड़ा समेत अलग-अलग ब्लॉकों में जैन समाज और सर्व समाज के हजारों लोग सड़कों पर उतर आए. मध्यप्रदेश के रीवा जिले में आर्यिका संघ के साथ हुई घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. इसी कड़ी में दमोह जिले के तेंदूखेड़ा समेत अलग-अलग ब्लॉकों में जैन समाज और सर्व समाज के हजारों लोग सड़कों पर उतर आए.
जिले के तेंदूखेड़ा में जैन समाज और सर्व समाज के लोगों ने विशाल जनाक्रोश रैली निकाली. हजारों की संख्या में शामिल लोगों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए रीवा में आर्यिका संघ के साथ हुई घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. समाज के लोगों का आरोप है कि साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर लगातार लापरवाही सामने आ रही है और प्रशासन की प्रोटोकॉल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
साधु-संतों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है
जनाक्रोश यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि देश के कई हिस्सों में साधु-संतों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई घटनाओं को सड़क हादसे का रूप देकर दबाने की कोशिश की जाती है, जबकि समाज इन्हें सुनियोजित साजिश के तौर पर देख रहा है. लोगों ने प्रदेश के संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी से भी मांग की कि इस मुद्दे को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाए और साधु-संतों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.

जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
फिलहाल प्रशासन ने ज्ञापन लेकर उचित जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है. रीवा जिले की इस घटना को लेकर निकली जनाक्रोश यात्रा ने साधु-संतों की सुरक्षा के मुद्दे को फिर से केंद्र में ला दिया है. जैन समाज और सर्व समाज के लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा…
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रीवा में सड़क हादसे में दो जैन साध्वियों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव से संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है。पटवारी ने सतना में जैन समाज द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा और मौन जुलूस में शामिल होकर घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताया है.
ये भी पढ़ेंः रीवा में 2 साध्वियों की मौत से बवाल! आज देशभर में जैन समाज करेगा विरोध प्रदर्शन