Korba: वन अधिकार पट्टा ऑनलाइन करने के नाम पर पटवारी ने ली रिश्वत, पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग, VIDEO वायरल
ऑनलाइन करने के नाम पर पटवारी ने ली रिश्वत
Korba: कोरबा जिले से भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है. पसान तहसील के हल्का नंबर-10 में पदस्थ पटवारी विनोद अग्रवाल पर वन अधिकार पट्टा ऑनलाइन करने के बदले रिश्वत लेने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि पटवारी ने ग्रामीण से 4 हजार रुपये की घूस ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पट्टा ऑनलाइन करने के नाम पर पटवारी ने ली रिश्वत
मामला पिपरिया ग्राम पंचायत के तेंदुपारा का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में कथित तौर पर पटवारी पैसे लेते हुए नजर आ रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि नामांतरण और वन अधिकार पट्टा से जुड़े कामों के लिए पटवारी 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की मांग करता है.
पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग
पीड़ित ग्रामीण ने प्रशासन से मामले की जांच कर पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है.
गरीबों की मजबूरी को कमाई का जरिया बना चुके – ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार एक तरफ सुशासन और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर गरीब किसानों से कथित तौर पर खुलेआम पैसे लिए जा रहे हैं. इससे प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.
ये भी पढ़ें: ‘वो चाहते है विपक्ष का सब गुम जाए…’, चोरी मोबाइल नहीं मिलने पर दीपक बैज ने सरकार पर साधा निशाना
इलाके में चर्चा है कि यदि गरीब आदिवासी किसानों को अपने ही हक के काम के लिए रिश्वत देनी पड़े, तो फिर “सुशासन तिहार” जैसे अभियान केवल दिखावा बनकर रह जाते हैं. ग्रामीणों ने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि कुछ कर्मचारी गरीबों की मजबूरी को कमाई का जरिया बना चुके हैं.