CG News: रायपुर में पानी के विवाद में युवक की हत्या, महानदी की रेत में दफन मिली लाश, पार्षद समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

MP News: राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में पानी के विवाद को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई. आरोप है कि पार्षद ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.
Family members gheraoed the police station

परिजनों ने किया थाने का घेराव

CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे मंदिर हसौद इलाके में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामूली पानी विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि युवक की जान चली गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को महानदी किनारे रेत में दबाकर सबूत मिटाने की कोशिश की. पुलिस ने इस मामले में निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है.

22 मई से लापता था युवक

मृतक की पहचान भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो नकटी गांव का रहने वाला था और मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के तौर पर काम करता था. वह 22 मई से लापता था. परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मंदिर हसौद थाने में दर्ज कराई थी. पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी.

शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि लापता होने से पहले भुवनेश्वर को आखिरी बार गोलू रात्रे और उसके साथियों के साथ देखा गया था. बताया जा रहा है कि मंदिर हसौद शराब भट्ठी के पीछे सभी लोग बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान पानी को लेकर विवाद हुआ और फिर गाली-गलौज शुरू हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भुवनेश्वर को कार में बैठाकर महासमुंद जिले की ओर ले जाया गया, जहां महानदी किनारे उसके साथ मारपीट की गई. इसी दौरान उसकी मौत हो गई.

रेत में दफनाया शव

घटना के बाद आरोपियों ने शव को नदी किनारे रेत में दफना दिया ताकि किसी को भनक न लगे. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाली शाम भुवनेश्वर ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी. उसने पार्षद से भी पत्नी की बातचीत करवाई थी. इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. बाद में पुलिस ने मृतक का मोबाइल और अन्य सामान बरामद कर लिया.

पूछताछ में कबूला जुर्म

मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली. उनकी निशानदेही पर नांदगांव घाट इलाके से शव बरामद किया गया. चूंकि घटना महासमुंद जिले के क्षेत्र में सामने आई है, इसलिए आगे की कार्रवाई संबंधित जिले की पुलिस को सौंपी जा रही है. फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है.

ये भी पढे़ं- Ambikapur: विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों पर FIR, नायब तहसीलदार के साथ मारपीट का लगा आरोप

ज़रूर पढ़ें