MP News: मुरैना के कोतवाली थाने से युवक की बाइक गायब, बाेला- जब थाना ही सुरक्षित नहीं तो आम लोग कैसे सुरक्षित
कोतवाली से युवक की बाइक चोरी
रिपोर्ट- मनोज शर्मा
MP News: मुरैना शहर कोतवाली परिसर से एक युवक की बाइक गायब होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद युवक ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब कोतवाली परिसर ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे होगी. वहीं पुलिस इसे बाइक बदलने का मामला बता रही है.
एसपी ऑफिस जाने के बाद गायब हुई बाइक
जानकारी के अनुसार, नितेश शर्मा गुरुवार सुबह करीब 11:20 बजे अपनी होंडा शाइन बाइक क्रमांक MP 06 8947 लेकर शहर कोतवाली पहुंचे थे. उन्होंने बाइक को कोतवाली परिसर में खड़ा किया और कोतवाली के दीवान संतोष कटारे के साथ अपने भाई के पुराने मामले में एसपी ऑफिस चले गए. कुछ देर बाद लौटने पर उनकी बाइक वहां नहीं मिली.
सीसीटीवी फुटेज में आधे घंटे की रिकॉर्डिंग गायब
युवक ने कोतवाली परिसर में बाइक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा. इसके बाद थाने के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. फुटेज में नितेश बाइक खड़ी करते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसके बाद की रिकॉर्डिंग करीब आधे घंटे तक गायब बताई जा रही है. बाद में फिर रिकॉर्डिंग शुरू हो जाती है. सीसीटीवी फुटेज के बीच का हिस्सा गायब होने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है.
युवक ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद नाराज युवक ने कहा कि जब पुलिस थाना परिसर में ही वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है. नितेश शर्मा का आरोप है कि उन्होंने चोरी की शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने केवल आवेदन लिया और उसकी पावती तक नहीं दी. एफआईआर दर्ज करने के लिए उन्हें अगले दिन बुलाया गया.
थाना प्रभारी बोले- बाइक चोरी नहीं, बदलने का मामला
वहीं, शहर कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बाइक चोरी की बात से इनकार करते हुए कहा कि बाइक बदल गई है और वाहन वापस आ जाएगा. हालांकि, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग गायब होने और थाने परिसर से वाहन लापता होने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है.