प्रयागराज में दबोचा गया टीएमसी का पूर्व विधायक खोकन दास, कई गंभीर मामलों में थी तलाश

Khokan Das: टीएमसी के पूर्व विधायक खोकन दास को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है. उन पर रंगदारी, धमकी और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में आरोप हैं, जिनकी जांच पश्चिम बंगाल पुलिस कर रही है.
पूर्व विधायक खोकन दास

पूर्व विधायक खोकन दास

Khokan Das Mla: पश्‍च‍िम बंगाल में सरकार बदलने के साथ ही टीएमसी के पुराने नेताओं के लिए हर दिन नई मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. कभी नेताओं पर हमले तो आरोप लग रहे हैं. इन सब के बीच पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़ा एक बड़ा नाम अब पुलिस की गिरफ्त में है. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व विधायक खोकन दास को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ रंगदारी, धमकी, हिंसा और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े मामले दर्ज हैं.

जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल पुलिस और प्रयागराज के हंडिया थाने की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कानपुर-वाराणसी हाईवे के पास हंडिया टोल प्लाजा क्षेत्र से पकड़ा गया है. पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.

क्‍या कह रही हैं जांच एजेंस‍ियां

जांच एजेंसियों का कहना है कि खोकन दास का नाम पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामलों में भी सामने आया था. इसके अलावा उस पर कथित तौर पर लोगों को धमकाने, अवैध वसूली करने और विरोधियों पर हमले कराने के आरोप लगे हैं. इन्हीं मामलों की जांच के दौरान पुलिस उसके पीछे लगी हुई थी.

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद उससे कई मामलों को लेकर पूछताछ की जा रही है. पश्चिम बंगाल पुलिस अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर राज्य में दर्ज मामलों की जांच आगे बढ़ा सकती है.

आने वाले द‍िनों में हो सकते हैं कई खुलासे

हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल में कई राजनीतिक नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई हुई है. चुनाव बाद हिंसा, रंगदारी और आपराधिक मामलों को लेकर लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं. ऐसे माहौल में खोकन दास की गिरफ्तारी को भी एक बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.

फिलहाल पुलिस उससे जुड़े नेटवर्क, पुराने मामलों और कथित आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है. आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें:‘अहंकार का नतीजा है, जो लोगों ने मारा…’, अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर बोलीं अग्निमित्रा पॉल

ज़रूर पढ़ें