CG News: कांग्रेस कार्यालय से 73 नलों की टोंटियां चुराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ में महज 600 रुपये में बेचा सामान
अंबिकापुर कांग्रेस कार्यालय से नल चोरी करने वाले गिरफ्तार
CG News: अंबिकापुर में कांग्रेस के राजीव भवन से नलों की टोंटियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. करीब 20 दिन पहले कलेक्ट्रेट चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय से 73 नलों की टोंटियां गायब हो गई थीं. चोरी के बाद आरोपियों ने वॉशरूम के फर्श पर ‘I Love You’ लिखकर घटना को और चर्चित बना दिया था.
युवा कांग्रेस नेता ने पकड़े संदिग्ध
मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई. इसी दौरान युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विकास केसरी ने दो संदिग्ध युवकों को पहचानकर पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया. पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली.
73 टोंटियां उखाड़कर की थी चोरी
जानकारी के अनुसार, 14 मई की रात आरोपी कांग्रेस कार्यालय में घुसे और बाथरूम व वॉश बेसिन में लगी 73 टोंटियां उखाड़ ले गए. बताया जा रहा है कि चोरी किया गया सामान अच्छी गुणवत्ता का था और उसकी कीमत काफी अधिक थी. हालांकि आरोपियों ने शराब के लिए पैसों की जरूरत के चलते पूरा माल कबाड़ में मात्र 600 रुपये में बेच दिया.
दो युवकों ने कबूला जुर्म
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय शिव दास और 19 वर्षीय विष्णु यादव के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि चोरी की गई टोंटियां जयस्तंभ चौक निवासी कारोबारी श्याम अग्रवाल को बेची गई थीं. आरोपियों को पहले भी कांग्रेस कार्यालय के आसपास देखा गया था, जिससे उन पर संदेह गहराया था.
चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले श्याम अग्रवाल के खिलाफ भी कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई.
दो साल में तीसरी चोरी की घटना
उधर, कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि राजीव भवन में पिछले दो वर्षों के भीतर यह तीसरी चोरी की घटना है. उनका आरोप है कि पहले हुई दो वारदातों के आरोपियों का अब तक पता नहीं चल पाया है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में शुरुआती दौर में पुलिस ने अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे जांच की रफ्तार प्रभावित हुई.
ये भी पढे़ं- Ambikapur: कांग्रेस कार्यालय के शौचालय में घुसे टोंटी चोर, 73 कीमती नल चुराने के बाद फर्श पर लिखा ‘लव यू’