Surguja: आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर 5.50 लाख की ठगी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सरगुजा
Surguja: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर की नौकरी लगवाने के नाम पर कुल 5 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है. मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.
पुलिस ने क्या बताया ?
पुलिस के मुताबिक, लखनपुर थाना क्षेत्र के कोसंगा निवासी उषा दास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में चेतन दास पड़वार और उसके सहयोगी ने नौकरी लगाने के नाम पर उससे 3 लाख 50 हजार रुपये लिए थे. वहीं, सुपरवाइजर की नौकरी लगवाने के नाम पर उसकी सहेली रूकमणी सिदार से 2 लाख रुपये लिए गए थे.
नौकरी नहीं लगी तो पैसे मांगने पर धमकी का आरोप
शिकायत के अनुसार, रकम लेने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो प्रार्थिया ने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे. आरोप है कि आरोपी ने रकम लौटाने के बजाय गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी और लगातार टालमटोल करता रहा.
शिकायत के आधार पर लखनपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 95/25 के तहत बीएनएस की धारा 318(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया. आरोपी ने ठगी की रकम में अपने हिस्से में मिली राशि खर्च हो जाने की बात भी पुलिस को बताई. पुलिस ने आरोपी की पहचान चेतन सिंह पड़वार, पिता परशुराम दास, उम्र 38 वर्ष, निवासी सोनतरई, थाना लखनपुर के रूप में की है.
एक आरोपी अभी फरार
अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है.
DUSU चुनाव में अध्यक्ष समेत 3 पदों पर ABVP का कब्जा, एक पर निर्दलीय की जीत, NSUI का सूपड़ा साफ