CG News: धमतरी के शौर्य ने PET परीक्षा में किया कमाल, बिना कोचिंग हासिल की 105वीं रैंक
शौर्य सिंह की उपलब्धि पर उनके माता-पिता ने जश्न मनाया.
Input- अभिषेक मिश्रा
CG News: छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) द्वारा आयोजित CG PET 2026 परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. धमतरी जिले के लिए गर्व की बात यह है कि शहर के जोधापुर वार्ड निवासी शौर्य सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में 105वीं रैंक हासिल की है. खास बात यह है कि शौर्य ने किसी भी कोचिंग संस्थान की मदद नहीं ली, बल्कि मोबाइल और यूट्यूब के जरिए स्व-अध्ययन कर यह सफलता प्राप्त की. परिणाम घोषित होने के बाद परिवार, मित्रों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में खुशी का माहौल है और लोग लगातार उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं.
परीक्षा में 9 हजार कैंडिडेट शामिल हुए थे
धमतरी शहर के जोधापुर वार्ड निवासी शौर्य सिंह ने CG PET 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है. 14 मई 2026 को आयोजित इस परीक्षा का परिणाम शुक्रवार रात जारी किया गया, जिसमें प्रदेशभर के 9 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे. शौर्य ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर 105वीं रैंक हासिल की. शौर्य ने बताया कि उन्होंने किसी कोचिंग का सहारा नहीं लिया. परीक्षा की तैयारी मुख्य रूप से मोबाइल और यूट्यूब के माध्यम से की. नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया. उन्होंने बताया कि कुछ नंबरों से ही वे टॉप-10 में जगह बनाने से चूक गए, लेकिन अपनी उपलब्धि से संतुष्ट हैं.
इंजीनियर बनने का है सपना
शौर्य की माता शिक्षिका हैं, जबकि पिता अधिवक्ता हैं. उन्होंने सेंट मेरी स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की है और 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी 88.4 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. शौर्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया है. उनका सपना आगे चलकर बीटेक कर इंजीनियर बनने का है.
बधाई देने वालों का घर पर तांता लगा
शौर्य की इस उपलब्धि से परिवार में उत्साह का माहौल है. स्थानीय पार्षद सहित कई लोग उनके घर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं. परिजनों का कहना है कि शौर्य शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं और उनकी मेहनत का परिणाम आज पूरे जिले के सामने है.
CG PET 2026 के परिणाम आने के बाद जहां सफल अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं, वहीं कुछ छात्र अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने से निराश भी हैं. हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार मेहनत और सही दिशा में प्रयास से सफलता जरूर मिलती है. फिलहाल धमतरी के शौर्य सिंह की इस उपलब्धि ने जिले को गौरवान्वित किया है और उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.