सुशांत सिंह राजपूत की 6वीं पुण्यतिथि पर बहन श्वेता हुईं भावुक, शेयर की AI जनरेटेड ‘राम अवतार’ फोटो
सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं श्वेता
Sushant Singh Rajput Death Anniversary: दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून 2020 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था. उनके अचानक निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री और उनके करोड़ों फैंस को गहरा सदमा दिया था. आज उनके निधन को छह साल हो चुके हैं, लेकिन वे अब भी लोगों की यादों और दिलों में बसे हुए हैं. उनकी पुण्यतिथि पर उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक भावुक पोस्ट शेयर की, जिसमें AI की मदद से बनाई गई सुशांत की भगवान राम के रूप वाली तस्वीर भी शामिल थी. यह फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इसे देखकर फैंस भावुक हो गए हैं.
श्वेता सिंह कीर्ति ने शेयर की भावुक पोस्ट
श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि छह साल बीत जाने के बाद भी सुशांत की यादें आज भी उतनी ही ताजा हैं. उन्होंने कहा कि जब भी वह अपने भाई को याद करती हैं, तो उनके जाने के तरीके के बारे में नहीं सोचतीं, बल्कि इस बात को याद करती हैं कि उन्होंने अपना जीवन किस तरह जिया. श्वेता ने बताया कि सुशांत को जीवन, सितारों, ब्रह्मांड और इंसानी दिमाग के रहस्यों को जानने की बहुत उत्सुकता थी. वह हर व्यक्ति के साथ सम्मान और विनम्रता से पेश आते थे और मानते थे कि केवल सफलता ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसके साथ इंसानियत और दयालुता होना भी जरूरी है.

अपने पोस्ट में श्वेता ने आगे लिखा कि समय भले ही आगे बढ़ जाता है, लेकिन सच्चा प्यार और किसी अच्छे इंसान का प्रभाव कभी खत्म नहीं होता. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का शरीर भले ही हमारे बीच न रहे, लेकिन उसके विचार और उसके अच्छे काम हमेशा लोगों के जीवन में बने रहते हैं. जब कोई व्यक्ति नफरत की जगह दया, अज्ञानता की जगह सीखने की इच्छा, निराशा की जगह उम्मीद और आलोचना की जगह प्रेम को चुनता है, तब सुशांत के विचार और उनकी सीख जीवित रहती है.
भाई की जिंदादिली को किया याद
अंतिम में श्वेता ने कहा कि सुशांत को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उन्हें याद करके दुखी होना नहीं है, बल्कि उन मूल्यों और सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाना है जिन पर वह खुद चलते थे. उनका मानना है कि अगर लोग प्रेम, दयालुता और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जिएं तो यही सुशांत सिंह राजपूत के प्रति सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी.