भंडारा कराया तब हुई फिल्म, प्रेमानंद जी की मानी थी सलाह, डायरेक्टर ने बताया ‘हनुमान अंश’ की सफलता का राज
हनुमान अंश, फिल्म
इस समय सोशल मीडिया से लेकर सिनेमाहॉल तक हनुमान अंश फिल्म की धूम मची हुई है. 2 करोड़ रुपये की बजट में बनी इस फिल्म ने अभी तक 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. फिल्म नीब करौरी बाबा के जीवन पर आधारित है. शुरुआती दो हफ्तों में मात्र 1.5 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म ने तीसरे हफ्ते में 10.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. फिल्म ने अपने बजट के मुकाबले 500 फीसदी से ज्यादा मुनाफा कमा लिया है. लेकिन क्या आप जानते है कि फिल्म रिलीज होने से पहले इसके प्रोड्यूसर्स प्रेमानंद जी महाराज के पास सलाह लेने पहुचें थे.
प्रेमानंद महाराज से मांगा था सुझाव
फिल्म के डायरेक्टर और राइटर विशाल चतुर्वेदी ने आजतक से बात करते हुए बताया कि फिल्म के रिलीज से पहले प्रेमानंद महाराज जी से प्रोड्यूसर्स ने सुझाव मांगा था. विशाल ने बताया कि महाराज जी ने सलाह दी थी कि फिल्म के मेन कैरेक्टर को अपनी लाइफस्टाइल को लेकर बेहद सावधान रहना चाहिए, उसे शाकाहारी भोजन ही करना चाहिए.
शूटिंग के दौरान भी हुआ नियमों का पालन
फिल्म के मेकर्स ने केवल प्रेमानंद जी की सलाह नहीं मानी बल्कि शूटिंग के दौरान भी नियमों का पालन किया था. फिल्म सेट पर किसी को गाली देने की इजाजत नहीं थी. कोई लड़ाई या बहस भी नहीं करेगा. सेट पर सिर्फ शाकाहारी खाना ही मिलता था और कोई भी व्यक्ति शराब का सेवन नहीं करता था.इतना ही नहीं, हर दिन शूटिंग की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से होती थी और दिन का अंत भी हनुमान चालीसा के साथ किया जाता था.
प्रमोशन के लिए नहीं थे पैसे
डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने बताया है कि जब फिल्म के प्रमोशन के लिए बड़े इवेंट प्लान करने के लिए पैसे नहीं थे. तब हमारी टीम 8 भंडारों का आयोजन किया और यहीं भंडारे फिल्म का प्रमोशनल कैंपेन बन गए. इन्हीं भंडारों के जरिए लोगों तक फिल्म पहुंची.
शुरुआत बहुत धीमी थी
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी. पहले हफ्ते में फिल्म की कुल कमाई 1.08 करोड़ रुपये रही. दूसरे हफ्ते में फिल्म की रफ्तार और धीमी पड़ गई और इसने सिर्फ 40 लाख रुपये कमाए. यानी दो हफ्तों के बाद फिल्म का कलेक्शन करीब 1.5 करोड़ रुपये ही था.