‘नशेड़ी से नहीं करूंगी शादी…’ दारू के नशे में दुल्हन लेने पहुंचा दूल्‍हा, युवती ने मारे थप्‍पड़, लौटाई बारात

CG News: जांजगीर-चांपा जिले में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दुल्हन ने शराब के नशे में पहुंचे दूल्हे के साथ सात फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया.
Bride calls off wedding with intoxicated groom

नशेड़ी दूल्‍हे से दुल्‍हन से शादी तोड़ी

CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दुल्हन ने शराब के नशे में पहुंचे दूल्हे के साथ सात फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया. दूल्हे की हालत देखकर नाराज दुल्हन ने उसे थप्पड़ भी जड़ दिए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. आखिरकार पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया और बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई.

बारात पहुंचते ही बिगड़ गई बात

घटना चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव की है. यहां रहने वाली मुस्कान प्रधान का विवाह खोखरा गांव निवासी संत कुमार के साथ तय हुआ था. दोनों परिवारों ने शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं और 23 जून को बारात धूमधाम से दुल्हन के घर पहुंची. स्वागत और अन्य रस्मों के बीच जब द्वार पूजा की तैयारी चल रही थी, तब दूल्हे की हालत ने सभी को चौंका दिया.

दूल्हे की हालत देखकर लिया बड़ा फैसला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूल्हा शराब के नशे में इतना अधिक था कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. जैसे ही यह बात मुस्कान को पता चली, उसने शादी करने से मना कर दिया. दूल्हे की इस हरकत से नाराज होकर उसने उसके व्यवहार का विरोध किया और उसे थप्पड़ भी मारे.

दोनों पक्षों में हुआ विवाद

दुल्हन के फैसले के बाद दोनों परिवारों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. हालांकि मुस्कान के परिजनों ने उसका साथ दिया और शादी नहीं करने के निर्णय पर कायम रहे. विवाद बढ़ता देख स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद बारात को वापस लौटना पड़ा.

साहस की हुई सराहना

मामले की जानकारी मिलने पर जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान और उसके परिवार के साहस की सराहना की. उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवती का यह कदम नशे के खिलाफ समाज में एक सकारात्मक संदेश देता है और गलत बातों के विरोध में आवाज उठाने की प्रेरणा भी देता है.

यूथ आइकन की जिम्मेदारी मिली

पुलिस विभाग ने मुस्कान को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान से जोड़ते हुए यूथ आइकन की जिम्मेदारी सौंपी है. साथ ही महिला परिवार परामर्श केंद्र में उसे प्रतिमाह 5 हजार रुपये मानदेय पर कार्य देने की घोषणा की गई है. समाजसेवियों से भी उसकी आगे की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की गई है.

ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ में मिल गया हीरों का भंडार! 200 टन मलबे की जांच में मिले 5 बेशकीमती डायमंड, जानें कीमत

ज़रूर पढ़ें