घर से आ रही थी बदबू, दरवाजा तोड़ा तो खुला राज, दंपती के शव बरामद, दो दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे
भोपाल: घर से मिले दंपती के शव
Bhopal Crime News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से दिल दहलाने वाला मामले सामने आया है. सुदामा नगर के एक घर से वृद्ध दंपती के शव बरामद हुए है. इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है. करीबियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है.
पति-पत्नी सरकारी नौकरी करते थे
ये पूरा मामला ऐशबाग थाना क्षेत्र का है. हेमंत बारीक (64 साल) अपनी पत्नी शकुंतला बारीक (62 साल) के साथ सुदामा नगर में रहते थे. हेमंत रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी थे. वहीं, शकुंतला कस्तूरबा अस्पताल से नर्स के पद से रिटायर हुई थीं. घर के एक हिस्से को उन्होंने किराए पर दिया था. वहीं, दूसरे हिस्से में पति-पत्नी रहा करते थे. बेटा अपने परिवार के साथ विदेश में रहता है. पुलिस बेटे से संपर्क करने की कोशिश कर रही है.
ये भी पढ़ें: ओंकारेश्वर मंदिर में शीघ्र दर्शन के लिए टिकटों की संख्या बढ़ी, अब 4000 की जगह 6000 श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन
बदबू आने पर हुआ अंदेशा, दरवाजा तोड़ा तो उड़े होश
घर में किराये से रह छात्रों ने पुलिस को बताया कि दोनों बुजुर्ग दो दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे. शुक्रवार (26 जून) शाम को तेज बदबू आई. जिसकी सूचना उन्होंने फौरन पुलिस को दी. इसके बाद ऐशबाग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़ा गया. अंदर का मंजर देख सबकी आंखें फटी की फटी रह गई. दंपती की लाश सड़ने लगी थी. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे की जांच के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है. करीबियों से जानकारी एकत्रित की जा रही है.