पति से ही मांगी 50 लाख की रंगदारी, गोगी गैंग के गुर्गे का लिया सहारा; आरोपी पत्नी समेत 2 गिरफ्तार

पत्नी सपना जैन ने ही अपने पति के आने-जाने का समय से लेकर खाने-पीने सभी जानकारी रजत को दी थी. घर के अंदर की फोटो भी भेजी थी, जिससे कि कारोबारी परिवार के बारे में सोचकर डर जाए.
Wife and her partner arrested in Delhi for demanding Rs 50 lakh extortion from husband.

दिल्ली में पति से 50 लाख की रंगदारी मांगने वाली पत्नी और उसका साथी गिरफ्तार.

Delhi News: दिल्ली पुलिस ने लक्ष्मी नगर के थोक कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है. कारोबारी से रंगदारी लेने की साजिश किसी और ने नहीं बल्कि उसी की पत्नी सपना जैन ने गोगी गैंग के गुर्गे का सहारा लेकर रची थी. पूछताछ के दौरान पता चला है कि आरोपी पत्नी ने अपने पति की हत्या की भी साजिश रची थी. पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया.

अमेरिका के नंबर से किया था कॉल

दिल्ली के लक्षमी नगर के रहने वाले एक होलसेल व्यापारी के मोबाइल पर 14 जून को अमेरिका के नंबर पर कॉल और मैसेज आए थे. कॉल करके व्यापारी से 50 लाख की रंगदारी मांगी. रंगदारी मांगने वाले खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताया. इतना ही नहीं डराने के लिए घर और दुकान के अंदर की तस्वीरें भी मोबाइल पर भेजीं. रंगदारी की रकम ना देने पर पूरे घर की हत्या करने की धमकी भी दी. जिसके बाद व्यापारी और उसका पूरा घर डर गया. कारोबारी ने लक्ष्मी नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई.

कारोबारी की पत्नी और उसकी बहन से संपर्क में था आरोपी

मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की. पुलिस ने आरोपियों की भेजी गई फोटो, कॉल समेत सभी डिजिटल साक्ष्यों को जब खंगाला तो उसमें स्थानीय लोगों के मिले होने के संकेत मिले. इसके बाद तफ्तीश के दौरान पुलिस हरियाणा के सोनीपत पहुंची. यहां से पुलिस ने 25 जून को रजत नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया. रजत गोगी गैंग का गुर्गा निकला. इसके बाद पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. जब आरोपी ने कारोबारी को रंगदारी मांगने के लिए कॉल करके धमकी दी थी. इस दौरान आरोपी कारोबारी की पत्नी और उसकी बहन से भी कॉल के जरिए संपर्क में था. जब पुलिस ने रजत से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी बात कबूल कर ली. रजत ने बताया कि व्यापारी की पत्नी सपना जैन ने ही रंगदारी मांगने की साजिश रची थी.

पत्नी ही कर रही थी पूरी रेकी

गोगी गैंग के गुर्गे रजत को होलसेल व्यापारी की पूरी जानकारी कोई और नहीं बल्कि उसकी पत्नी ही दे रही थी. पत्नी सपना जैन ने ही अपने पति के आने-जाने का समय से लेकर खाने-पीने सभी जानकारी रजत को दी थी. घर के अंदर की फोटो भी भेजी थी, जिससे कि कारोबारी परिवार के बारे में सोचकर डर जाए.

सास से बदला लेना चाहती थी सपना जैन

कारोबारी और सपना जैन की शादी साल 2007 में हुई थी. दोनों के दो बच्चे भी हैं. लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. जब भी दोनों में झगड़ा होता था तो कारोबारी की मां यानी कि सपना की सास अपने बेटे का पक्ष लेती थी. जिसके कारण सपना अपनी सास पर गुस्सा थी. इस गुस्से का बदला लेने के लिए उसने अपने पति से रंगदारी मांगने के साथ ही हत्या करने की साजिश रच डाली. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी सपना जैन और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही पुलिस इस पूरे खेल में शामिल अन्य लोग और विदेशों में बैठे लोगों की जानकारी जुटाने में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं: शादी के बहाने सिया ने केतन से ऐंठे 1 करोड़ रुपये, प्रेमी चेतन को क्यों दिए थे पैसे? जानें प्लान

ज़रूर पढ़ें