Vistaar Health Conclave: शराब शरीर के लिए कितना नुकसानदायक? कार्डियोलॉजिस्ट बोले- कोई भी अल्कोहल ठीक नहीं
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. स्नेहिल गोस्वामी
Vistaar Health Conclave: विस्तार न्यूज के Health Conclave में नारायण हेल्थ MMI के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. स्नेहिल गोस्वामी से Vistaar News के एडिटर-इन-चीफ ज्ञानेंद्र तिवारी ने सवाल किया कि शराब शरीर के लिए कितनी नुकसानदायक है. उन्होंने कहा कि सरकार भी शराब बेचती है और यह ऐसा विषय है, जिस पर समाज में खूब चर्चा होती है, लेकिन खुलकर बात करने से लोग अक्सर बचते हैं. ऐसे में शराब प्रेमियों के लिए आपका क्या संदेश है. आखिर शराब सेहत के लिए कितनी नुकसानदायक है और कितनी गलत है.
मेडिकल किताबों का दिया उदाहरण
डॉ. स्नेहिल गोस्वामी ने जवाब देते हुए कहा कि अगर हम मेडिसिन की किताबें पढ़ेंगे तो उनमें से अधिकांश पश्चिमी लेखकों द्वारा लिखी गई हैं. उन्होंने बताया कि Harrison नामक लेखक ने मेडिकल किताबें अमेरिका और यूरोप के आंकड़ों और वहां के शोध के आधार पर प्रकाशित की हैं. हालांकि पिछले दो दशकों में भारतीय लेखकों की मेडिकल किताबें भी सामने आने लगी हैं. उन्होंने कहा कि कार्डियोलॉजी की कुछ किताबों में 60 ML रेड वाइन को हृदय के लिए लाभदायक बताया गया है. इसके बाद लोगों का जितना झुकाव होता है, वे उतनी मात्रा में शराब पीने लगते हैं. वहीं जब सिगरेट नहीं पीने की बात आती है, तो लोग उस सलाह को नजरअंदाज कर देते हैं.
भारत की जलवायु में शराब की जरूरत नहीं
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि हमें यह भी समझना होगा कि हम किस भौगोलिक और जलवायु वाले क्षेत्र में रहते हैं. उन्होंने कहा कि हम भारत में रहते हैं, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है. ऐसी परिस्थितियों में शरीर को किसी भी प्रकार की अल्कोहल की जरूरत नहीं होती. उन्होंने कहा कि जिन किताबों में 60 ML रेड वाइन का उल्लेख किया गया है, वह अमेरिका और यूरोप जैसे देशों के लिए है, जहां का तापमान काफी कम रहता है.
कार्डियोलॉजी के नजरिए से शराब बिल्कुल ठीक नहीं
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारे यहां पहले से ही शरीर में काफी गर्मी रहती है. ऐसे में शरीर को और गर्म करने वाली चीजों की नहीं, बल्कि गर्मी कम करने वाली चीजों की जरूरत होती है. यदि कार्डियोलॉजी के नजरिए से पूछा जाए, तो हमारे लिए अल्कोहल बिल्कुल भी ठीक नहीं है. चाहे वह रेड वाइन हो, व्हिस्की हो या फिर बीयर, हृदय स्वास्थ्य के लिहाज से किसी भी प्रकार की शराब की सलाह नहीं दी जा सकती.