वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड में गेंदबाजों के छुड़ाए पसीने, चौके-छक्कों की बरसात, Video वायरल
वैभव सूर्यवंशी
Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं. हर किसी की नजरें उनके इंटरनेशनल डेब्यू पर टिकी हुई हैं. इसी बीच 15 वर्षीय इस बल्लेबाज ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी हैं. चेस्टर ले स्ट्रीट में होने वाले पहले टी20 मैच से पहले भारतीय युवा बल्लेबाज ने नेट्स में जमकर बल्लेबाजी की और चौके-छक्कों की बरसात कर दी. उनकी तूफानी बल्लेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वैभव सूर्यवंशी ने गेंदबाजों के छुड़ाए पसीने
भारत बनाम इंग्लैंड टी20 मैच से पहले भारतीय युवा स्टार ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में जमकर पसीना बहाया. प्रैक्टिस के दौरान वैभव ने भारतीय गेंदबाजों और थ्रो डाउन के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी की. उन्होंने कई ग्राउंड शॉट्स खेले और साथ ही सेट होने के बाद कई हवाई फायर भी किए. स्टार स्पोर्ट्स ने वैभव का एक 22 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है जिसमें वह ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद 15 वर्षीय इस बल्लेबाज के डेब्यू की मांग और बढ़ती जा रही है.
यह भी पढ़ें: ‘मैंने तो कहीं से कुछ नहीं सुना…’, वैभव सूर्यवंशी की पॉपुलैरिटी पर ये क्या बोल गए श्रेयस अय्यर
आयरलैंड के खिलाफ नहीं मिला मौका
अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी इन दिनों टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड में मौजूद हैं. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें पहली बार भारतीय टी20 में शामिल किया गया है. माना जा रहा था कि आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज से वैभव अपना इंटरनेशनल डेब्यू करेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अब उम्मीद की जा रही है कि इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में उन्हें प्लेइंग 11 में मौका मिलेगा.
IPL 2026 में किया शानदार प्रदर्शन
भारतीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं. हाल में खेले गए आईपीएल 2026 में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की और सबसे ज्यादा 776 रन बनाए. खास बात यह है कि 15 वर्षीय इस बल्लेबाज ने इस टूर्नामेंट में 72 छक्के जड़े. इस दौरान उन्होंने 237.30 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की.