गोलीबारी झेलकर भारत पहुंचा इराकी तेल से भरा टैंकर, ओडिशा के पारादीप पोर्ट पर सुरक्षित पहुंची खेप
भारत पहुंचा जहाज
MT Sanmar Herald: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच भारत के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. इराक से लगभग 20 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर भारत आ रहा तेल टैंकर एमटी सनमार हेराल्ड (MT Sanmar Herald) सुरक्षित रूप से ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पहुंच गया. यह वही जहाज है, जिसे हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास गोलीबारी का सामना करना पड़ा था.
टैंकर जब ईरान के पास हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था, तभी संघर्ष की स्थिति के बीच उसके आसपास गोलीबारी हुई. इस दौरान जहाज के ब्रिज हिस्से पर छर्रे लगने से हल्का नुकसान हुआ. हालांकि कप्तान और चालक दल की सूजबूझा से रास्ता बदला गया. उसे सुरक्षित दिशा में आगे बढ़ाया. इसके बाद टैंकर बिना किसी बड़ी घटना के भारतीय समुद्री सीमा तक पहुंच गया.
चालक दल की हो रही जमकर तारीफ
पारादीप बंदरगाह पहुंचने के बाद जहाज को तट से कुछ दूरी पर स्थित सिंगल प्वाइंट मूरिंग (SPM) प्रणाली से जोड़ा गया, जहां कच्चे तेल की अनलोडिंग शुरू कर दी गई. बंदरगाह प्रशासन ने चालक दल की सूझबूझ और साहस की तारीफ करते हुए कहा कि कठिन हालात के बावजूद उन्होंने पूरी यात्रा सुरक्षित ढंग से पूरी की.
सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित
जानकारी के अनुसार, जहाज पर करीब 22 चालक दल के सदस्य सवार थे और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. बंदरगाह अधिकारियों ने जहाज के पहुंचने पर चालक दल का स्वागत भी किया और उनके साहस की प्रशंसा की.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्गों में बना हुआ है. इसी रास्ते से दुनिया के बड़े हिस्से में कच्चे तेल की आपूर्ति होती है. ऐसे में इस टैंकर का सुरक्षित भारत पहुंचना देश की ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: माइक्रोसॉफ्ट में फिर बड़ी छंटनी की तैयारी, अगले हफ्ते 5,000 से ज्यादा कर्मचारियों की जा सकती है छुट्टी