माइक्रोसॉफ्ट में फिर बड़ी छंटनी की तैयारी, अगले हफ्ते 5,000 से ज्यादा कर्मचारियों की जा सकती है छुट्टी

Microsoft job cuts: माइक्रोसॉफ्ट अगले हफ्ते 5,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे ज्यादा असर Xbox, सेल्स और कंसल्टिंग डिवीजन पर पड़ने की संभावना है.
माइक्रोसॉफ्ट

माइक्रोसॉफ्ट

Microsoft job cuts: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट अगले हफ्ते एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपनी कुल वैश्विक वर्कफोर्स के 2.5% से कम कर्मचारियों को प्रभावित करने की तैयारी में है. माइक्रोसॉफ्ट में इस समय करीब 2.2 लाख कर्मचारी काम करते हैं, ऐसे में लगभग 5,500 नौकरियों पर असर पड़ सकता है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार सबसे ज्यादा असर सेल्स, कंसल्टिंग और Xbox गेमिंग डिवीजन पर पड़ सकता है. Xbox यूनिट में बड़े बदलाव और खर्च कम करने की योजना बनाई जा रही है. कंपनी कुछ टीमों का पुनर्गठन भी कर सकती है, जबकि कुछ कर्मचारियों को दूसरी भूमिकाओं में भेजने का विकल्प दिया जा सकता है.

किस वजह से जा रहीं नौकरी

बताया जा रहा है कि माइक्रोसॉफ्ट कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर तेजी से निवेश कर रही है. इसी वजह से कंपनी दूसरे क्षेत्रों में खर्च घटाने और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने की रणनीति अपना रही है. इसी दिशा में कर्मचारियों की संख्या कम करने का फैसला लिया जा सकता है.

पहले भी हो चुकी है इस तरह की छंटनी

यह पहली बार नहीं है जब माइक्रोसॉफ्ट कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है, पिछले साल भी कंपनी ने हजारों कर्मचारियों की नौकरी खत्म की थी. इस साल की शुरुआत में कुछ कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (Voluntary Retirement) का विकल्प भी दिया गया था, ताकि अनिवार्य छंटनी की संख्या कम की जा सके.

हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने इन रिपोर्ट्स पर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. लेकिन, माना जा रहा है कि नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ कंपनी जल्द ही अपने फैसले की घोषणा कर सकती है.

ये भी पढ़ें: दुश्मनी छोड़ संवाद बढ़ाने की अपील, मोदी और शहबाज को 117 लोगों का खुला पत्र

ज़रूर पढ़ें