‘मेरी आंखों पर विकास का ब्लिंकर लगा है’, ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- मैं रेस के घोडे़ की तरह हूं, दूसरे दलों पर टिप्पणी नहीं करता
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद की तुलना घोड़े से की है.
Jyotiraditya Scindia: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को ग्वालियर पहुंचे. दतिया में होने वाले उपचुनाव में उन्होंने बीजेपी की जीत का दावा किया. जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने खुद की तुलना घोड़े से की है, जो दाएं-बाएं नहीं देखता है. सिंधिया ने कहा कि वे दूसरों के दलों पर टिप्पणी नहीं करते हैं, सिर्फ अपनी फिनिश लाइन को ध्यान में रखते हैं.
‘मैंने दतिया को एयरपोर्ट और कई ट्रेनें दिलवाई’
ज्योतिरादित्य सिंधिया से दिताय के उप चुनाव को लेकर पूछा गया था. जिसको लेकर सिंधिया ने जवाब दिया, ‘दतिया के चुनाव की घोषणा हो चुकी है. भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से लग चुकी है. बीजेपी की सरकार में विकास की आंधी पूरे प्रदेश में चल रही है. मैं चाहता हूं कि ये विकास की आंधी दतिया तक भी आए. अगर मुझसे कहा जाएगा तो मैं भी दतिया जाऊंगा. मैंने दतिया को एयरपोर्ट भी दिलवाया था. पहले कई ट्रेन भी दिलवाई हैं.’
‘मेरी आंखों में विकास का ब्लिंकर लगा है’
वहीं जब कांग्रेस के उम्मीदवार को लेकर सिंधिया से सवाल किया गया तो उन्होंने बोलने से इनकार कर दिया. उन्होंने खुद की तुलना घोड़े से करते हुए कहा, ‘मैं दूसरे दलों की टिप्पणी नहीं करूंगा. मैं उस घोड़े की तरह हूं. जिसकी आंखों पर विकास का ब्लिंकर लगा है. विकास और प्रगति का वही मेरा लक्ष्य है. एक फिनिश लाइन है, मुझे पीएम मोदी के नेतृत्व में उसी में लगना है. मुझे पीएम मोदी के विकास और प्रगति में लगना है. पीएम मोदी के उस लक्ष्य में लगना है, जिसमें विकसित भारत 2047 है. लेकिन ये सब ऊपर से नहीं होगा, जब तक एक-एक नागरिक योगदान ना दे. मुझे विश्वास है सबके सहयोग से हम विकास की इस बयार को आगे बढ़ाएंगे. दूसरे दलों की गतिविधियां हैं, वही संभालें. जैसी करनी होगी, वैसी भरनी होगी.’
ये भी पढे़ं: सादगी की मिसाल बने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, बेटे की शादी में नहीं बुलाया कोई VIP