Morena News: कुर्सी छोड़ अचानक जमीन पर बैठ गए एसपी धर्मराज मीणा, फिर जो हुआ..
morena news
Morena News: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को उस समय मानवीय संवेदनाओं की मिसाल देखने को मिली, जब एक विकलांग महिला फरियादी अपनी समस्या लेकर पहुंची. फरियादी की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने कुर्सी छोड़ बाहर जमीन पर बैठकर उसकी पूरी समस्या सुनी और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
यह है पूरा मामला
दरअसल फरियादी दिलीप शर्मा निवासी ग्राम चिनोनी, तहसील जौरा के पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि 21 जुलाई 2026 को सतीश शर्मा पुत्र घिरौजी शर्मा ने उसे गोली मारी थी और उसके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे. फरियादी की पत्नी ने बताया घटना के बाद थाना चिनोनी में केवल सतीश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई.
फरियादी ने लगाए कई आरोप
आवेदन में फरियादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा लगातार उसे और उसके परिवार को धमकियां दी जा रही हैं तथा मामले में राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है. धमकियों के चलते परिवार के बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की बात आवेदन में कही गई है. फरियादी ने पुलिस अधीक्षक से मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा तथा बच्चों को सुरक्षित स्कूल भेजने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
वहीं, पुलिस अधीक्षक द्वारा फरियादी की बात जमीन पर बैठकर सुनने की तस्वीरें सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है. अब देखना होगा कि शिकायत पर पुलिस द्वारा आगे क्या कार्रवाई की जाती है.
ये भी पढ़ें: गले पर चाकू रखकर हेल्थ ऑफिसर ने महिला अधिकारी के साथ किया रेप, धमकाया- किसी को बताया तो…