दिल्ली-NCR को दहलाने की नई साजिश! ISI ने गैंगस्टरों के सहारे रचा आतंकी प्लान
आतंकवादी (फाइल फोटो)
Pakistan New Terrorist: पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI एक बार फिर भारत में अशांति फैलाने की नई साजिश रचने में जुटी है. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इस बार उसने पारंपरिक आतंकी संगठनों के बजाय गैंगस्टरों और नए आतंकी नेटवर्क का सहारा लिया है. जांच में सामने आया है कि दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों को निशाना बनाने की योजना तैयार की गई थी.
खुफिया एजेंसियों का कहना है कि ISI से जुड़े कुछ लोग सोशल मीडिया और दूसरे ऑनलाइन माध्यमों के जरिए युवाओं से संपर्क कर रहे थे. उन्हें पैसे, विदेश में नौकरी और अन्य लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश की जा रही थी. इसके बाद उनसे हथियार पहुंचाने, रेकी करने और जरूरत पड़ने पर आतंकी वारदात को अंजाम देने जैसे काम कराने की योजना थी.
जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरी साजिश में पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टरों की अहम भूमिका है. ये गैंगस्टर भारत में मौजूद अपने संपर्कों के जरिए नए लोगों की भर्ती कर रहे थे. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस नेटवर्क का मकसद बड़े शहरों में डर का माहौल बनाना और देश की आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना था.
कई संदिग्धों को किया पुलिस ने गिरफ्तार
हाल के महीनों में दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसे कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं. पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है. एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस नेटवर्क के तार देश के किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं.
सुरक्षा एजेंसियों ने जारी किया अलर्ट
सुरक्षा एजेंसियों ने राज्यों की पुलिस और खुफिया इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आतंकी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:अयोध्या में सोने से मढ़ी रामचरितमानस को लेकर बवाल, गायब होने के दावे पर ट्रस्ट का पलटवार