भोपाल में बेखौफ बदमाशों का आतंक! हथियारों के साथ होटल में मचाया उत्पात, CCTV में कैद हुई वारदात
होटल में बदमाशों ने की मारपीट
Bhopal News: भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में बंगरसिया-भोजपुर रोड स्थित जैन ब्रदर्स होटल में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 10 से 15 हथियारबंद बदमाश होटल में घुस आए. आरोप है कि हमलावर तलवार, चाकू, हॉकी और बेसबॉल बैट से लैस थे. उन्होंने होटल में जमकर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद चार युवकों पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे होटल के शेफ और अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई. पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई.
गंभीर रूप से घायल युवक को AIIMS में किया भर्ती
हमले में 24 वर्षीय लीलाधर कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में उनकी एमएलसी तैयार की गई है, जिसमें 10 से 12 लोगों के समूह द्वारा हमला किए जाने का उल्लेख है. घटना शनिवार रात करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है. इस हमले में एक अन्य युवक भी घायल हुआ, जिसका इलाज कराया गया.
ड्यूटी से लौटते समय हुआ विवाद
घायल लीलाधर के अनुसार, वह अपने तीन साथियों के साथ मंडीदीप स्थित फैक्ट्री से ड्यूटी पूरी करने के बाद पैदल जैन ब्रदर्स होटल में खाना खाने जा रहे थे. रास्ते में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे कुछ युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.
होटल के अंदर घुसकर किया जानलेवा हमला
जान बचाने के लिए चारों युवक होटल के अंदर चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में बदमाश हथियारों के साथ होटल में पहुंच गए और हमला कर दिया. पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने पहले होटल के भीतर मारपीट की और फिर उसे बाहर घसीटकर गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर धारदार हथियारों से वार किए. मेडिकल रिपोर्ट में भी गंभीर चोटों और धारदार हथियार से लगे घावों का उल्लेख किया गया है. लीलाधर का कहना है कि यदि उन्होंने किसी तरह बचाव नहीं किया होता तो उनकी जान भी जा सकती थी.
CCTV फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई
घटना के सीसीटीवी फुटेज में हथियार लेकर होटल में घुसते और हमला करते आरोपी दिखाई दे रहे हैं. पीड़ित पक्ष ने फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं. पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की तैयारी में जुटी है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
मिसरोद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं. पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के साथ पीड़ितों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी. फिलहाल किसी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ है.
ये भी पढे़ं- भोपाल में नकाबपोश बदमाशों का आतंक, मैजिक स्पॉट कैफे में तलवार-डंडों से की तोड़फोड़, कर्मचारियों को पीटा, VIDEO