‘सोनम वांगचुक को अनशन का लंबा अनुभव’, CJP संस्थापक बोले- 8 दिन में 6 किलो घटा वजन
जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन
Cockroach Janta Party Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि वांगचुक पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं. इस दौरान उनका करीब 6 किलो वजन कम हो गया है. उन्होंने कहा कि वांगचुक को पहले भी लंबे समय तक अनशन करने का अनुभव रहा है, इसलिए वह मानसिक रूप से काफी मजबूत हैं, लेकिन लगातार उपवास का असर अब उनके शरीर पर साफ दिखाई देने लगा है.
दीपके के अनुसार, डॉक्टर लगातार वांगचुक के स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं. उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल पहले की तुलना में नीचे आया है, इसलिए मेडिकल टीम समय-समय पर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं.
कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं बांगचुक
सोनम वांगचुक ने इस आंदोलन का समर्थन करते हुए भूख हड़ताल शुरू की थी. उनका कहना है कि युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए. इसी उद्देश्य से वे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं और देशभर के लोगों से भी इस अभियान का समर्थन करने की अपील कर चुके हैं.
सीजेपी प्रमुख ने क्या कहा?
दूसरी ओर, CJP का कहना है कि उनकी प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से जुड़ी है. पार्टी का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में हुई कथित गड़बड़ियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए. अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि सरकार जल्द कोई फैसला नहीं लेती, तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
फिलहाल सबकी नजर सोनम वांगचुक की सेहत और सरकार की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है. लगातार लंबा चलता अनशन अब स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर होता जा रहा है, इसलिए समर्थकों के साथ-साथ डॉक्टर भी उनकी स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए हैं.
ये भी पढ़ें:‘इतिहास को दबाया नहीं जा सकता…’, ‘सतलुज’ फिल्म हटने पर भड़के सुखबीर बादल