अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट का दोषी बेटी की शादी में शामिल हुआ, पैरोल के बाद उज्जैन पहुंचा मोहम्मद अबरार; धमाके में हुई थी 56 मौतें
अहमदाबाद ब्लास्ट की तस्वीर(FIle Photo)
MP News: साल 2008 में अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट का दोषी मोहम्मद अबरार मनियार उज्जैन में अपनी बेटी की शादी में शामिल हुआ. गुजरात हाई कोर्ट के आदेश पर अबरार मनियार पैरोल पर बाहर आया था. गुजरात की लगभग 25 पुलिस कर्मियों की टीम अबरार को लेकर उज्जैन के बेगमबाग पहुंची थी. उज्जैन पुलिस ने भी स्थानीय स्तर पर सुरक्षा दी. इस दौरान बेगमबाग इलाका छावनी में तब्दील हो गया.
शनिवार को साबरमती जेल से बाहर आया था अबरार
सीरियल ब्लास्ट के दोषी मोहम्मद अबरार मनियार ने बेटी की शादी के लिए गुजरात हाई कोर्ट में याचिका लगाई थी. जिसके बाद कोर्ट ने अबरार को 3 दिनों की पैरोल दी थी. शनिवार को 2 ACP, 2 थाना प्रभारियों समेत 25 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में अबरार को साबरमती जेल से रिहा करके उज्जैन लाया गया था. वहीं रविवार को मोहम्मद अबरार मनियार बेटी की शादी में शामिल हुआ. इस दौरान पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात की गई. अबरार की बेटी के शादी के दौरान इलाके में किसी भी अनजान व्यक्ति की आवाजाही पर पूरी तरह रोक थी. छतों पर भी फोर्स तैनात करके निगरानी की जा रही थी.
शादी में शामिल होने के बाद वापस गुजरात भेजा गया
रविवार को अपनी बेटी के निकाह में शामिल होने के बाद सोमवार क स्थानीय पुलिस की सुरक्षा में गुजरात पुलिस की टीम मोहम्मद अबरार को वापस अपने साथ ले गई. अबरार को वापस साबरमती जेल ले जाया जाएगा.
बता दें जुलाई 2008 में सीरियल बम धमाकों को अंजाम दिया गया था. जिसमें 56 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. इसके बाद देशभर से सुरक्षा एजेंसियों ने 50 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसमें 5 आरोपी उज्जैन के भी शामिल थे. 50 में से 49 आरोपियों को कोर्ट ने दोषी करार दिया था. इनमें से 38 दोषियों को फांसी और 11 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा हुई थी.