Dhar: ‘जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’, दिशा बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर
Dhar News: (जफर अली) धार जिला मुख्यालय पर जिला समन्वय एवं विकास समिति (दिशा) की बैठक सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई. बैठक में मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, रेलवे, विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई.
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन, विशेषकर ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के नागरिकों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए. विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें बल्कि उनका सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए.
आज जिला मुख्यालय धार में जिला समन्वय एवं विकास समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य रूप से जनजातीय कार्य विभाग, एमपीआरडीसी सड़क, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, रेलवे, विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन, महिला एवं बाल… pic.twitter.com/k5hVYv2TPl
— Savitri Thakur (@savitrii4bjp) September 2, 2026
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने छात्रावासों की स्थिति पर सख्त नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि बालक-बालिकाओं के छात्रावासों की स्थिति में शीघ्र सुधार किया जाए. जनजातीय विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े विषयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. संबंधित अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर छात्रावासों का निरीक्षण करें.
केंद्रीय राज्य मंत्री ने क्या कहा?
इसी प्रकार एमपीआरडीसी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की स्वयं निगरानी करें. जनता के धन से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार जिले के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है. बैठक में धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.