छत से गिराने पर भी बच गया पति… फिर पत्नी ने इंजेक्शन में भरा टॉयलेट क्लीनर, ऐसे रची मौत की साजिश

Nizamabad Murder Case: तेलंगाना में पत्‍नी ने पति को छत से धक्का देकर मारने की कोशिश की. जब वह बच गया तो नर्स पत्नी ने इंजेक्शन में टॉयलेट क्लीनर भरकर पति की जान ले ली. पुलिस का दावा है कि अवैध संबंधों के चलते रची गई.
Telangana Crime News

Telangana Murder Case: तेलंगाना के निजामाबाद से सामने आया एक सनसनीखेज हत्याकांड हर किसी को हैरान कर रहा है. एक शख्स पहले रहस्यमय तरीके से छत से गिरा, लेकिन वह बच गया. इसके बाद उसकी पत्नी ने ऐसा खौफनाक प्लान बनाया कि आखिरकार उसकी मौत हो गई. पुलिस जांच में सामने आई कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं लगती है.

मृतक की पहचान श्रीनिवास के रूप में हुई है, जो खाड़ी देश से लौटकर अपने परिवार के साथ रह रहा था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ समय पहले वह घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था. उस वक्त इसे हादसा माना गया और इलाज के बाद उसकी जान बच गई. लेकिन, पुलिस का दावा है कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि उसे मारने की पहली कोशिश थी.

पत्‍नी ने पति को ऐसे उतारा मौत के घाट

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि श्रीनिवास की पत्नी, जो पेशे से नर्स है, अपने पति से छुटकारा पाना चाहती थी. बताया जा रहा है कि उसका किसी अन्य व्यक्ति से संबंध था. इसी वजह से उसने पति की हत्या की साजिश रची. जब पहली कोशिश नाकाम हो गई तो उसने दूसरा और कहीं ज्यादा खतरनाक तरीका अपनाया.

पुलिस के अनुसार, श्रीनिवास की तबीयत खराब होने के दौरान पत्नी ने इलाज के बहाने उसे इंजेक्शन लगाया. आरोप है कि इंजेक्शन में दवा की जगह टॉयलेट क्लीनर भरा गया था. जहरीला केमिकल शरीर में पहुंचते ही उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. अस्पताल में इलाज के बावजूद डॉक्टर उसे नहीं बचा सके.

पोस्टमार्टम र‍िपोर्ट से हुआ खुलासा

शुरुआत में मौत को सामान्य माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की पूछताछ ने पूरे मामले की दिशा बदल दी. जांच में कई ऐसे सबूत मिले, जिनसे पत्नी पर शक गहराता गया. इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो कथित साजिश की परतें खुलने लगीं.

पुलिस का कहना है कि मामले में पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि हत्या की योजना पहले से तैयार थी और इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी.

ये भी पढ़ें: ‘3 महीने पहले शादी, सोफा-फ्रिज के ताने- बेल्ट से पिटाई…’ आकृति सुतार केस में भाई ने खोली जीजा की पूरी पोल

ज़रूर पढ़ें