45वें जन्मदिन पर MS Dhoni के 5 सबसे बड़े रिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ना बेहद मुश्किल
महेंद्र सिंह धोनी
MS Dhoni: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं. कैप्टन कूल के नाम से मशहूर धोनी ने अपने करियर में कई ऐसे अद्भुत रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना किसी भी खिलाड़ी के लिए लगभग नामुमकिन है. आज उनके जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको माही के 5 सबसे बड़े रिकॉर्ड के बारे में बताने जा रहे हैं.
एमएस धोनी के 5 सबसे बड़े रिकॉर्ड
1. तीनों ICC ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दुनिया के इकलौते ऐसे कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में किसी टीम ने आईसीसी की ट्रॉफी जीती हैं. धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है.
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल, इस दिग्गज को मिली खास जिम्मेदारी
2. सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी
महेंद्र सिंह धोनी सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 क्रिकेट में कुल 332 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की है, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. बता दें, माही ने भारत के लिए 200 वनडे, 72 टी20 और 60 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है.
3. सबसे ज्यादा स्टंपिंग
इंटरनेशनल क्रिकेट में तीनों फॉर्मैट में मिलाकर धोनी के नाम सबसे ज्यादा 195 स्टंपिंग करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है. इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज स्टंपिंग का रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने वेस्टइंडीज के कीमो पॉल को 0.08 सेकेंड में स्टंप किया था. धोनी णर टेस्ट में 38, वनडे में 120 और टी20 में 34 बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया है.
4. ODI में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में सर्वोच्च स्कोर
महेंद्र सिंह धोनी के नाम एक विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में वनडे मैच में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिवॉर्ड दर्ज है. धोनी ने 31 अक्टूबर 2005 को जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 183 रन की तूफानी पारी खेली थी. अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 10 छक्के जड़े थे.
5. 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक
वनडे क्रिकेट में नंबर 7 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 2 शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी माही के नाम दर्ज है. उन्होंने साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ यह शतक जड़े थे. इसके अलावा वनडे इंटरनेशनल में धोनी सबसे ज्यादा 84 बार नाबाद लौटे हैं.