लॉर्ड्स टेस्ट में मैदान पर उतरते ही स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, 300 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली बनीं दुनिया की सबसे युवा क्रिकेटर
स्मृति मंधाना
Smriti Mandhana: भारतीय महिला टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मैच में मैदान पर उतरते ही टीम इंडिया की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है. इंटरनेशनल क्रिकेट में यह मंधाना का 300वां मैच है. वो इस मुकाम तक पहुचने वाली दुनिया की सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं.
स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज और उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर कदम रखते ही इतिहास रच दिया है. इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में मंधाना अपना 300वां इंटरनेशनल मैच खेल रहीं हैं. 29 साल 357 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाली मंधाना क्रिकेट इतिहास की सबसे युवा महिला खिलाड़ी बन गई हैं. बता दें, मंधाना 18 जुलाई को अपना 30वां जन्मदिन मनाने जा रही हैं. अपने जन्मदिन से ठीक पहले उन्होंने 300 इंटरनेशनल मैचों का जादुई आंकड़ा पर कर लिया है.
Smriti Mandhana becomes only the 12th Women’s cricketer to play 300 international matches 👏👏
— Cricbuzz (@cricbuzz) July 10, 2026
She's the third to reach the milestone for India after Mithali Raj (333) and Harmanpreet Kaur (374)#ENGWvINDW pic.twitter.com/rUXKtre5cn
यह भी पढ़ें: ICC Ranking में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, टॉप-10 में तीन बल्लेबाज, नंबर 1 पर श्री चरणी का जलवा बरकरार
एलीट क्लब का हिस्सा बनी स्मृति मंधाना
भारतीय स्टार ओपनर स्मृति मंधाना इंटरनेशनल क्रिकेटर में 300 इंटरनेशनल मैच के आंकड़े तक पहुंचने वाली दुनिया की 12वीं महिला क्रिकेटर बन गई हैं. इसी के साथ मंधाना भारत की ओर से 300 या उससे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली तीसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं. टीम इंडिया के लिए महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेले का रिकॉर्ड कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम दर्ज है, जिन्होंने भारत के लिए अब तक कुल 374 मैच खेले हैं. उनके बाद दूसरे नाम पूर्व कप्तान मिताली राज का आता है, जिन्होंने 333 इंटरनेशनल मैच खेले. अब स्मृति मंधाना भी इस एलीट क्लब का हिस्सा बन चुकी हैं.
भारतीय बल्लेबाजी की अहम स्तंभ मंधाना
29 वर्षीय भारतीय स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने 5 अप्रैल 2013 को बांग्लादेश के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. पिछले एक दशक से ज्यादा समय से मंधाना भारतीय महिला क्रिकेट की बल्लेबाजी की अहम स्तंभ रही हैं. उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से भारत को कई अहम मैच में जीत दर्ज कराई है. स्मृति ने टीम इंडिया के लिए अब तक कुल 120 वनडे, 171 टी20 और 9 टेस्ट मैच खेले हैं. इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स में जारी एकमात्र टेस्ट उनके करियर का नौवां टेस्ट मैच है.