Datia By-Poll: कौन हैं आशुतोष तिवारी? जो होंगे दतिया से BJP उम्मीदवार, नरोत्तम मिश्रा का पत्ता कटा
दतिया से सीट से बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को बनाया उम्मीदवार.
MP News: दतिया विधानसभा में उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. बीजेपी ने एक बार फिर चौंकाने वाला फैसला लेते हुए आशुतोष तिवारी को चुनावी मैदान में उतारा है. जबकि चुनावी तारीख के ऐलान के साथ ही बीजेपी के तरफ से लगातार नरोत्तम मिश्रा के नाम पर चर्चा की जा रही थी. लेकिन बीजेपी ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है.
इंटेलिजेंस रिपोर्ट में नरोत्तम मिश्रा की हार!
भारतीय जनता पार्टी के अचानक से नए नाम आशुतोष तिवारी को चुनावी मैदान में उतारने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है. हालांकि अचानक दतिया सीट पर नया नाम आने से नरोत्तम मिश्रा को बड़ा झटका लगा है. सूत्रों की मानें तो पार्टी ने अपना सर्वे किया था और इंटेलिजेंस रिपोर्ट में नरोत्तम मिश्रा की हार दिखाई जा रही थी.
बता दें कि नरोत्तम मिश्रा ने नामांकन फॉर्म खरीद लिया था और माना जा रहा था कि वे बीजेपी के उम्मीदवार हो सकते हैं. वे काफी समय से चुनाव की तैयारी में भी जुटे हुए थे, लेकिन अब पार्टी ने आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है. वहीं देखना दिलचस्प होगा कि दतिया उपचुनाव में टिकट न मिलने के बाद नरोत्तम मिश्रा की क्या प्रतिक्रिया होती है.
RSS के करीबी हैं आशुतोष तिवारी
आशुतोष तिवारी दतिया के भांडेर के आसपास के रहने वाले हैं और अभी प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी की जिम्मेदारी भोपाल में संभाल रहे थे. आरएसएस के बेहद करीबी है. आशुतोष तिवारी हाउसिंग बोर्ड के चेयर मैन पिछली सरकार में रहे हैं. इसके अलावा खेती संगठन महामंत्री भी उनको बनाया गया था. अब दतिया के उपचुनाव में बीजेपी की तरफ से उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में होंगे.

बीजेपी प्रत्याशी बनाए जाने के बाद आशुतोष तिवारी ने खुशी जाहिर की है. साथ ही उन्होंने कहा कि वे पार्टी के एक छोटे कार्यकर्ता हैं, पार्टी ने जो भी जिम्मेदारी दी है, उसको अच्छे से निभाएंगे. वहीं नरोत्तम मिश्रा के सवाल पर आशुतोष तिवारी ने कहा कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और मेरे लिए प्रचार करेंगे.
13 जुलाई नामांकन की आखिरी तारीख
कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधायकी जाने के बाद दतिया सीट पर चुनाव आयोग ने 30 जुलाई को उप चुनाव का ऐलान किया था. चुनाव में नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है, जबकि 3 अगस्त को उपचुनाव के नतीजे आएंगे. वहीं कांग्रेस की तरफ से घनश्याम सिंह को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी है.